योग का शाब्दिक अर्थ तो होता है जोड़ना जो आपके शरीर और मन का मेल कराती है, लेकिन स्वस्थ्य शरीर और निर्मल मन का संदेश लिए योग अब पूरी दुनिया को भी जोड़ रहा है। तीसरा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस इस वैश्विक मेल जोल का एक सशक्त माध्यम बन रहा है। न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय जहां योगमय हो उठा तो इस मौके को ख़ास बना रहे थे, जाने-माने अभिनेता अनुपम खेर।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर भारत सहित दुनिया भर में अनूठे प्रयोग किये जा रहे हैं। यूरोपीय देश जर्मनी का योग से पुराना रिश्ता रहा है। जर्मनी की कई संस्थाएं दशकों से योग के प्रचार प्रसार में लगी हैं। जर्मनी की राजधानी बर्लिन में भी योग में दिलचस्पी लेने वालों की तादाद तेज़ी से बढ़ी खासतौर से 21 जून को विश्व योग दिवस के रुप में घोषित किए जाने का असर साफ दिखाई देता है।
युरोप के ही एक और देश स्पेन से आई तस्वीरें बताती हैं कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारी जोरों पर हैं। लंदन में भारत उच्चायोग और भारतीय पर्यटन विभाग संबंधित कार्यालय ने कोका कोला लंदन आई ह्वील पर योग का आयोजन किया जिसे लोगों ने हाथोहाथ लिया। ग्वाटेमाला में भी योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया जहां बड़ी संख्या में लोगों ने शिरकत कर योग के महत्व को जाना।
वही, दुबई में योग अपने बिलकुल नए परिवेश में दिखा जब, आम लोगों के साथ साथ बोहरा समुदाय के लोगों ने योग दिवस की तैयारियों को जोर शोर से अंजाम दिया। इस मौके पर 500 बोहरा समुदाय के लोगों ने अपनी भागीदारी की। इतना ही नहीं दुबई में तीसरे अंतर्राष्ट्रीय दिवस के मौके पर योग के साथ साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। वहीं, पड़ोसी देश पाकिस्तान भी पीछे नहीं है, जहां भी न सिर्फ तैयारियां मुकम्मल हो गई हैं, बल्कि जोश भी बस देखते ही बनता है। चीन के इस आयोजन में केंद्रीय मंत्री जनरल वी.के.सिंह भी मौजूद रहे।