रायपुर / प्रदेश में चौथी बार सरकार बनाने को आतुर भारतीय जनता पार्टी ने जमीनी स्तर पर अपनी तैयारी तेज कर दी है। आये दिन पार्टी द्वारा बूथ स्तर से लेकर विधानसभा और लोकसभा स्तर के बड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है तो वहीं मतदाताओं को अपने पक्ष में करने इन दिनों सत्ता और संगठन मिलकर काम कर रहे हैं।
सत्तारूढ़ भाजपा इस बार चौथी बार सरकार बनाने में कोई कसर नही छोड़ना चाह रही है, इसके लिए इस बार सरगुजा और बस्तर को खास फोकस किया जा रहा है। जहां पर की पिछले विधानसभा चुनाव में पार्टी को करारी हार झेलनी पड़ी थी। प्रदेश की राजनीति में अपनी गहरी पैठ रखने वाले सह संगठन मंत्री सौदान सिंह ने भी पिछले दिनों प्रदेश का धुंआधार दौरा कर पदाधिकारियों से सीधा संवाद कर चुनाव जीतने का फार्मूला बताया था। इसी कड़ी में अब चुनाव करीब आते ही भाजपा ने अपना कार्य प्रारम्भ कर दिया है और नेताओं के दलबदल का काम भी शुरू हो गया है,भाजपा ने इस तैयारी में सर्वप्रथम नेता प्रतिपक्ष और सरगुजा में अपनी मजबूत पकड़ रखने वाले टी एस सिंहदेव को उन्ही के क्षेत्र में जोरदार झटका दिया है। कांग्रेस के 4 दिग्गज नेताओं को आज राजधानी में मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह के समक्ष भाजपा प्रवेश कराया गया है, यह खबर कांग्रेसी खेमे के लिए बड़ा मायूसी भरा है तो वहीं भाजपा में खुशी का माहौल व्याप्त है। राजधानी में मुख्यमंत्री के समक्ष राजेश अग्रवाल अध्यक्ष नगर पंचायत लखनपुर,आलोक दुबे उपाध्यक्ष कांग्रेस कमेटी सरगुजा, डॉ अनिल सिंह भटगांव, रामकृष्ण श्रीवास्तव वरिष्ठ कांग्रेसी उदयपुर को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराई गई है।
ये सभी लंबे समय से कांग्रेस से जुड़े रहे हैं और नेता प्रतिपक्ष के खास समझे जाते थे। इस दौरान गृह मंत्री रामसेवक पैकरा और सरगुजा के वरिष्ठ भाजपा नेता मेजर अनिल सिंह विशेष रूप से मौजूद थे।