कोरिया / कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में अवैध धान परिवहन एवं भण्डारण को रोकने के लिए टीम का गठन किया गया है। यह टीम लगातार छापेमारी कर अवैध परिवहन एवं भण्डारित सामग्री जप्त कर रही है। गौरतलब है कि खरीफ विपणन वर्ष 2019-20 में राज्य शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी दिनांक 01 दिसंबर 2019 से किया जाना है, धान खरीदी के दौरान राज्य के बाहर से अवैध रूप से धान मंगा कर शासन को अधिक मूल्य पर बेचकर राजस्व की हानि पहुचाने वालों पर कठोर कार्यवाही की जा रही है। इस संबंध में जिले में कलेक्टर श्री डोमन सिंह एवं पुलिस अधीक्षक कोरिया के द्वारा सभी संबंधित विभागों के साथ अवैध धान भंडारण व परिवहन करने वालो के विरूद्ध अभियान चलाकर कार्यवाही कराई जा रही है।
खरीफ विपणन वर्ष 2019-20 में समर्थन मूल्य पर किसानों से धान खरीदी हेतु जिले के 20 धान उपार्जन केन्द्रों में धान खरीदी के दौरान अन्य राज्यों से कोचियों-बिचैलियों से अवैध धान आवक पर नियंत्रण रखने हेतु जिले के अन्तर्राज्यीय सीमा से लगे धान खरीदी केन्द्र चैनपुर एवं माड़ीसरई में नाका बनाकर 24 घण्टे डयूटी लगाई गई है एवं अवैध धान के आवक पर सतत जांच एवं कार्यवाही की जा रही है। जिले में दिनांक 23.11.2019 तक अवैध धान परिवहन के कुल 61 प्रकरण बनाये गये जिसमें 08 वाहन जप्त किए गए हैं। समस्त प्रकरणों में 5017.80 क्विंटल धान जप्ती की कार्यवाही की गई है। अब तक मेसर्स रमेश गुप्ता ट्रेडर्स, सिद्धि विनायक ट्रेडर्स प्रो. नंदकिशोर गुप्ता, जय भोले ट्रेडर्स के व्यापारी प्रो.बृजेश शिवहरे, बिहारी राम साहू फुटकर लायसेंस धारी व्यापारी, निजी संचालकों में राधेश्याम साहू, अमित जायसवाल, संजय साहू, इन्द्रपाल साहू, सतन लाल अहिरवार, दिनेश गुप्ता आदि के गोदाम में औचक निरीक्षण कर जांच दल द्वारा अवैध भंडारित सामग्री की जप्ती की गई है।
जिला प्रशासन द्वारा जिले में अवैध धान के आवक पर रोक हेतु राजस्व विभाग, पुलिस विभाग, वन विभाग, परिवहन विभाग, खनिज विभाग द्वारा चेक पोस्ट एवं नाका लगाकर 24 घंटे सतत जांच एवं कार्यवाही की जा रही है। अवैध धान परिवहन व संग्रहण की जानकारी देने हेतु जिला खाद्य अधिकारी द्वारा मोबाईल नंबर 9407976812 या 8462983782 जारी किया गया है, जिस पर सम्पर्क कर इस संबंध में जानकारी दे सकते हैं। कलेक्टर द्वारा सख्त हिदायत दी गयी है कि अवैध धान का भंडारण व परिवहन करने वालों पर कठोर कार्यवाही जारी रहेगी तथा इस तरह के अवैध कार्यों में लिप्त लोगों पर भी कार्यवाही की जाएगी।