मंदिरी नाला और मीठापुर बाजार में उमड़ा जनसैलाब, बच्चन कम्युनिटी हॉल में प्रबुद्ध जन सम्मेलन में डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा – बिहार में एनडीए की सरकार ही विकास की गारंटी
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में बांकीपुर सीट पर भाजपा ने सोमवार को अपनी पूरी ताकत झोंक दी। बांकीपुर विधानसभा के मंदिरी नाला और मीठापुर बाजार क्षेत्र में आयोजित विशाल जनसभा में जनता का उत्साह देखते ही बन रहा था। भाजपा प्रत्याशी और बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री नितिन नबीन के समर्थन में मंच पर भाजपा के दिग्गज नेताओं का जमावड़ा रहा।
इस मौके पर छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव, छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, सांसद रविकिशन और छत्तीसगढ़ भाजपा अध्यक्ष किरण देव मंच साझा करते नजर आए। सभी नेताओं ने एक स्वर में कहा कि बिहार में एनडीए की सरकार ही विकास, सुशासन और स्थिरता की गारंटी है।

जनसभा को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि बिहार की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में विकास की रफ्तार को और तेज़ करने जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशी नितिन नबीन ने बांकीपुर में जो काम किए हैं, वो विकास की मिसाल बन चुके हैं।
सभा में सांसद रविकिशन ने भोजपुरी अंदाज़ में जनता से अपील की — “अबकी बार फिर भाजपा सरकार, बांकीपुर में नितिन नबीन के साथ।” वहीं, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी महिलाओं और युवाओं से भाजपा को समर्थन देने की अपील की।
जनसभा के बाद पटना के बच्चन कम्युनिटी हॉल में आयोजित प्रबुद्ध जन सम्मेलन में भी उप मुख्यमंत्री अरुण साव शामिल हुए। सम्मेलन में उन्होंने कहा कि बिहार और छत्तीसगढ़ दोनों ही एनडीए की नीतियों से समृद्धि की राह पर बढ़ रहे हैं। उन्होंने बुद्धिजीवियों से एनडीए सरकार को समर्थन देने की अपील करते हुए कहा कि विकास और सुशासन के लिए जनता का यह आशीर्वाद ही सबसे बड़ी ताकत है।
बांकीपुर में हुई इस सभा में भाजपा कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की भारी भीड़ उमड़ी, जिसने माहौल को पूरी तरह चुनावी रंग में रंग दिया।
