** जीवनदायिनी हसदेव में राख प्रदूषण से निर्भर लोग संकट में
** आठवें दिन हसदेव जनयात्रा का कोरबा विधानसभा क्षेत्र में जगह-जगह स्वागत
रायपुर / छत्तीसगढ़ कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष व पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ. चरणदास महंत की हसदेव जनयात्रा आज आठवें दिन कोरबा विधानसभा पहुंची। कोसाबाड़ी चौक से लेकर मां सर्वमंगला मंदिर हसदेव नदी तट तक पदयात्रा का जगह-जगह उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। डॉ. महंत व उनके साथ चल रहे पदाधिकारियों ने मंदिरों में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद भी लिया।
आठवें दिन की हसदेव जन पदयात्रा का प्रारंभ कोसाबाड़ी चौक स्थित मंशापूर्ण सिद्ध हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ हुआ। यहां से यात्रा सुभाष चौक निहारिका, घंटाघर, एसईसीएल हेलीपेड मार्ग, एसईसीएल कालोनी होते हुए काली मंदिर पहुंची। काली बाड़ी में विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात मुड़ापार, शारदा विहार, पावरहाउस रोड होते हुए सर्वमंगला मंदिर तक यात्रा पहुंची। पद यात्रा के दौरान डॉ. महंत ने उपस्थितों को संबोधित करते हुए कहा कि वे भाषणबाजी करने के लिए नहीं बल्कि आम जनता से मिलने, उनका दुखः-तकलीफ जानने के लिए यात्रा पर निकले हैं। आम जनता से मिल रहे हैं। वर्तमान भाजपा सरकार के खिलाफ जनता में काफी आक्रोश है। हसदेव नदी इसके तटीय क्षेत्र में रहने वालों की जीवनदायिनी नदी है। एनटीपीसी, बालको, राज्य सरकार के विद्युत संयंत्र, निजी पावर प्लांट सहित अन्य उद्योग अपना राख व अपशिष्ट डालकर हसदेव नदी को प्रदूषित कर रहे हैं। हसदेव नदी पर निस्तार के लिए निर्भर लोगों को तरह-तरह की हानि हो रही है। सरकार को इस विषय में गंभीरता से कार्य करना चाहिए।
कोरबा लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. बंशीलाल महतो द्वारा दिए गए चुनाव लडऩे संबंधी बयान पर डॉ. महंत ने कहा कि कहां से चुनाव लडूंगा या लडऩा है वह मैं नहीं बल्कि पार्टी तय करती है। मैं पार्टी का एक कार्यकर्ता होने के नाते पार्टी के निर्देश का पालन और काम करता हूं। मैं चुनाव के लिए कोई जमीन नहीं तलाश रहा हूं। डॉ. महंत ने कहा कि मैंने यह यात्रा हसदेव नदी के उद्गम स्थल से प्रारंभ की है और हसदेव नदी का अधिकांश हिस्सा आदिवासियों का क्षेत्र है। छत्तीसगढ़ राज्य भी आदिवासी बाहुल्य है। जिस तरह से आदिवासियों की संपत्ति का दोहन किया जा रहा है, उसके अनुपात में आदिवासियों को कुछ भी नहीं मिल रहा। आदिवासियों के इन्हीं तकलीफों को, उनकी समस्याओं को जानने के लिए उनके बीच जा रहा हूं। हसदेव जन यात्रा को लोगों खासकर आदिवासियों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है।
कोरबा विधानसभा क्षेत्र में जन यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। कोसाबाड़ी चौक पर स्वागत उपरांत सुभाष चौक में जनयात्रा पहुंचने पर झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के शमशेर अली, घंटाघर चौक में सेवादल अध्यक्ष संतोष लांझेकर-ममता अग्रवाल के नेतृत्व में एसईसीएल कालोनी में युकां व एनएसयूआई द्वारा विकास सिंह-बृजकिशोर, शारदा विहार चौक के पास श्याम सुंदर सोनी, सुनालिया नहर के पास राजकुमार यादव ने स्वागत किया। शारदा विहार कालोनी में नागरिकों ने जन यात्रा में शामिल लोगों को शीतल पेय व चाय वितरण किया। पीएच रोड में कन्हैया सोनी द्वारा डॉ. महंत को लड्डुओं से तौला गया। सर्वमंगला मंदिर में जन यात्रा पहुंचने उपरांत आयोजित भंडारा में 5 हजार से अधिक लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
जनयात्रा में डॉ. महंत के साथ पूर्व विधायक बोधराम कंवर, कोरबा विधायक जयसिंह अग्रवाल, रामपुर विधायक श्यामलाल कंवर, महापौर रेणु अग्रवाल, पूर्व विधायक नोबेल वर्मा, पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी महामंत्री जितेन्द्र मुदलियार, प्रदेश कांग्रेस कमेटी महामंत्री संजय पाठक, प्रदेश कांग्रेस कमेटी सचिव गोपाल थवाईत, ए.एल.वर्मा, प्रदेश अध्यक्ष कुशवाहा समाज, विष्णु तिवारी खरसिया, अशोक अग्रवाल तोता खरसिया, बी.आर. यादव अध्यक्ष यादव समाज, श्रीकांत बुधिया अध्यक्ष जिला उद्योग संघ, रोहित राजवाडे अध्यक्ष जिला अधिवक्ता संघ, अशोक देवांगन अध्यक्ष छुरी, राजकुमार अग्रवाल अध्यक्ष अग्रवाल सभा कोरबा, हेमंत यादव प्रदेश अध्यक्ष राजीव कांग्रेस, ठाकुर दिलदार सिंह, मुरारी तिवारी, के.व्ही.एस. राव इंटक बालको, यु.आर. महिलांगे, राजकिशोर प्रसाद अध्यक्ष जिला काग्रेंस कमेटी कोरबा शहर, उषा तिवारी, श्याम सुंदर सोनी सहित हजारो की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
