Advertisement Carousel

भारतीय रेलवे के नए कदम से 300 रुपए तक कम हो जाएगा रेल का किराया, ये भी होंगे फायदे

दिल्ली / भारतीय रेलवे जून महीने से अपने यात्रियों के लिए कई नई सुविधाएं शुरू करने जा रहा है. इन सुविधाओं से जहां रेल यात्रियों को महंगाई से थोड़ी राहत मिलेगी, वहीं उनका सफर भी आरामदायक हो जाएगा. रेलवे की सबसे बड़ी सुविधाओं में से एक टिकट कैंसिल कराने की है. इसके तहत अब अगर आपको किसी भी कारण से अपना रेल टिकट कैंसिल कराना है तो इसके लिए टिकट काउंटर की लम्बी-लम्बी लाइनों में लगने की जरूरत नहीं है.

NEWS-3और भी होंगे फायदे –

00 रेलवे कुछ ऐसी योजनाओं का ट्रायल भी करने जा रहा है जिससे आने वाले वक्‍त में कम वक्‍त में सफर पूरा हो जाएगा. नई सुविधाओं के तहत रिजर्वेशन कराकर यात्रा करने वाले यात्रियों को 30 रुपए से लेकर 300 रुपए तक का फायदा होगा.
00 टिकट कैंसिल की इस नई सुविधा से रेलयात्री कन्फर्म, आरएसी या वेटलिस्ट टिकट को चंद मिनटों में कैंसिल करा सकेंगे. इसके लिए टोल फ्री नंबर 139 पर डायल कर आपको टिकट का ब्यौरा देना होगा. इसके बाद एक वन टाइम पासवर्ड दिया जाएगा. पीआरएस काउंटर पर ओटीपी दिखाने पर यात्री को रिफंड मिल जाएगा. ये सुविधा खासतौर पर उन यात्रियों के लिए शुरू की गई है जो पीआरएस काउंटर से टिकट खरीदते हैं और उन्हें तय समय में लंबी कतारों में लगकर टिकट कैंसिल कराना पड़ता है.
00 वहीं, राजधानी एक्‍सप्रेस में सफर करने वालों के लिए भी अच्‍छी खबर है. अगर आपका रेल टिकट कन्फर्म नहीं हुआ तो आप रेल की जगह हवाई भी यात्रा कर सकते हैं. एयर इंडिया ने आईआरसीटीसी के साथ एक करार किया है जिसके तहत अगर राजधानी एक्सप्रेस से यात्रा करने वाले यात्रियों का एसी फर्स्ट क्लास का टिकट कन्फर्म नहीं हुआ है तो एयर इंडिया उन्हें फ्लाइट का टिकट मुहैया कराएगी. इसके लिए उन्‍हें बहुत मामूली रकम चुकानी होगी. यह स्‍कीम 1 जून से लागू हो जाएगी.
00 इसके साथ ही कई रेलवे स्‍टेशनों पर फ्री वाई-फाई मिलने की सुविधा भी शुरू हो गई है. इसके तहत गूगल ने देश के पांच रेलवे स्टेशनों पर अपनी नि:शुल्क हाईस्पीड वाई-फाई सेवा शुरू कर दी है. कंपनी ने यह सेवा उज्जैन, जयपुर, पटना, गुवाहाटी तथा इलाहाबाद रेलवे स्टेशन पर शुरू की है.
00 रिजर्वेशन के जरिये यात्रा करने वाले यात्रियों को भी रेलवे ने तोहफा दिया है. टिकट काउंटर पर डेबिट या क्रेडिट कार्ड के जरिए टिकट बुक कराने वाले यात्रियों से रेलवे अब ट्रांजेक्‍शन चार्ज भी नहीं वसूलेगा. यह सुविधा भी एक जून से ही शुरू हो जाएगी. वर्तमान में डेबिट या क्रेडिट कार्ड से भुगतान पर 30 रुपए तक चार्ज लगता है. इससे किराए में 30 रुपये तक कमी होगी. वर्तमान में ऑनलाइन टिकट बुक कराने वाले लोगों को ही यह सुविधा है.
00 इसके साथ ही राजधानी और शताब्‍दी ट्रेनों में रेलवे 15 जून से खाने की व्यवस्था को वै‍कल्पिक बनाने का ट्रायल शुरू करने जा रहा है. इसके तहत यात्री चाहें तो खाने के लिए मना कर सकते हैं और इसके लिए उन्‍हें पैसे भी नहीं देने होंगे. टिकट बुकिंग के दौरान खाने को लेकर यात्री मना कर सकते हैं. इसका मतलब यह है कि अब किराए में लगभग 300 रुपए की कमी हो जाएगी. रेलवे खाना सर्व करने के बदले कैटरिंग चार्ज लेता है. यह ट्रायल 45 दिनों का होगा.
00 ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाने के उद्देश्‍य से रेलवे जल्‍द ही टेल्‍गो ट्रेन का ट्रायल शुरू करने जा रहा है. स्‍पेन निर्मित टेल्‍गो ट्रेन का भारत में पहला ट्रायल 29 मई से बरेली-मुरादाबाद रेल मार्ग पर होगा. टेल्‍गो ट्रेन का अगला ट्रायल मथुरा-पलवल और दिल्‍ली-मुंबई रूट पर होगा. इन ट्रेनों की अधिकतम रफ्तार 200 किमी प्रति घंटा है. साथ ही इनके परिचालन में 30 प्रतिशत कम ऊर्जा खपत होती है. टेल्‍गो ट्रेन के ट्रायल का मकसद दिल्‍ली-मुंबई के बीच लगने वाले समय में 5 घंटे की कटौती करना है. टेल्‍गो ने प्रयोग के लिए फ्री में अपने कोच मुहैया कराए हैं.

error: Content is protected !!