Advertisement Carousel

राज्य स्तरीय हाफ मैराथन में उमड़ा जन सैलाब : छत्तीसगढ़ में जल्द शुरू होगी एथलेटिक्स अकादमी : डॉ. रमन सिंह

oo भारतीय खेल प्राधिकरण का क्षेत्रीय कार्यालय छत्तीसगढ़ को जल्द मिलेगा: केन्द्रीय खेल मंत्री ने किया ऐलान

oo हर साल मनाया जाएगा राष्ट्रीय मैराथन दिवस: विजय गोयल

रायपुर / छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज सवेरे नया रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय हाफ मैराथन में उमड़े जनसैलाब और लोगों के उत्साह को देखते हुए प्रदेश में एथलेटिक्स अकादमी जल्द शुरू करने की घोषणा की है। उन्होंने 21 किलो मीटर, 10 किलो मीटर, 5 किलो मीटर और एक किलो मीटर के हाफ मैराथन का शुभारंभ करने के बाद पुरस्कार वितरण समारोह को सम्बोधित करते हुए यह घोषणा की। यह आयोजन प्रदेश सरकार के खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा किया गया। 
इस अवसर पर केन्द्रीय खेल और युवा मामलों के राज्य मंत्री विजय गोयल ने हाफ मैराथन के शानदार और सफल आयोजन के लिए मुख्यमंत्री को बधाई दी। श्री गोयल ने छत्तीसगढ़ के लिए भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) का क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर में जल्द खोलने का ऐलान किया और कहा कि इसमें निदेशक स्तर के अधिकारी पदस्थ किए जाएंगे। वर्तमान में छत्तीसगढ़ को खेलों से संबंधित विषयों के लिए प्राधिकरण के भोपाल कार्यालय से सम्पर्क करना पड़ता है। छत्तीसगढ़ को अलग से यह क्षेत्रीय कार्यालय मिलेगा।नया रायपुर में हाफ मैराथन की ऐतिहासिक सफलता को देखते हुए केन्द्र सरकार द्वारा बहुत जल्द राष्ट्रीय मैराथन दिवस मनाने की शुरूआत की जाएगी। उन्होंने कहा-हम सब की यह मंशा है कि राष्ट्रीय मैराथन दिवस जब आयोजित हो, तब देश के लोग अपने गांव, अपने शहर, अपने गली-मोहल्लों में, स्वच्छता के लिए, स्वास्थ्य के लिए, डिजिटल भारत के लिए और देश को आगे बढ़ाने के लिए एक साथ मिलकर खूब दौड़ें। केन्द्रीय खेल मंत्री ने कहा-सभी माता-पिता और अभिभावकों को खेलों के प्रति अपने  बच्चों का उत्साह बढ़ाना चाहिए। केन्द्र सरकार खेल को शिक्षा से जोड़ने की दिशा में गंभीरता से विचार कर रही है। खेल स्वास्थ्य के लिए जरूरी है। लोग स्वस्थ रहेंगे तो स्वास्थ्य का बजट कम खर्च होगा और देश के अन्य कार्यों में भी लगाया जा सकेगा। श्री गोयल ने बताया कि केन्द्रीय खेल और युवा मामलों के मंत्रालय ने राष्ट्रीय स्तर पर खेल प्रतिभाओं की खोज के लिए वेब पोर्टल बनाने का निर्णय लिया है। इसमें कोई भी खिलाड़ी अपने खेल का वीडियो अपलोड कर सकेगा। इसे देखकर मंत्रालय द्वारा खेल प्रतिभाओं को चिन्हांकित कर उन्हें हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
डॉ. रमन सिंह ने इस अवसर पर कहा – छत्तीसगढ़ में राज्य स्तरीय हाफ मैराथन का यह पहला आयोजन था। इसमें राज्य के हजारों लोगों के साथ देश के विभिन्न राज्यों के धावक भी शामिल हुए। उनके अलावा छह देशों के लोगों ने भी इस मैराथन दौड़ में हिस्सा लिया। इसके फलस्वरूप राज्य स्तरीय होते हुए भी मैराथन का स्वरूप राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर का हो गया। नया रायपुर कोे स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके प्रति जागरूकता बढ़ाना भी आयोजन का उद्देश्य था। विभिन्न आयु वर्ग के लगभग 15 हजार लोगों ने आज के हाफ मैराथन दौड़ में भागीदारी दिखाई। तीन साल के नन्हें बच्चे और 80 साल के बुजुर्ग भी इसमें शामिल हुए। इससे यह साबित हो गया कि दौडने के लिए उम्र की कोई सीमा नहीं होती।  दिव्यांग युवाओं और दिव्यांग बच्चों के लिए भी हाफ मैराथन का आयोजन हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में अन्य खेलों की स्थिति काफी अच्छी और संतोषजनक है, लेकिन आज के इस हाफ मैराथन में हजारों की संख्या में शामिल होकर लोगों ने भारी उत्साह के साथ शामिल होकर एथलेटिक्स के प्रति अपनी दिलचस्पी दिखाई है। इसे देखते हुए बहुत जल्द छत्तीसगढ़ में एथलेटिक्स अकादमी की स्थापना की जायेगी। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि अगले साल भी यह आयोजन किया जाएगा, जिसमें हमारा लक्ष्य होगा कि कम से कम 40 हजार लोग यहां एक साथ दौड़ें। उन्होंने कहा-आज के आयोजन में देश के 92 वर्षीय प्रसिद्ध और लोकप्रिय धावक मिल्खा सिंह ने अपनी गरिमामय उपस्थिति से सबका उत्साह बढ़ाया। भारत की प्रसिद्ध रेसलर गीता फोगट और कई अर्जुन पुरस्कार प्राप्त तथा अन्य कई राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त खिलाड़ियों ने भी यहां आकर धावकों का हौसला बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने कहा-दौड़ की शुरूआत जब हो रही थी, उस वक्त सूर्य की लालिमा के साथ ताजा हवा का झोंका सबको नई ऊर्जा दे रहा था। डॉ. सिंह ने कहा-केन्द्रीय खेल मंत्री श्री गोयल के साथ आज मैंने छत्तीसगढ़ में खेल गतिविधियों के विकास और विस्तार के विभिन्न उपायों पर विचार विमर्श किया।
मुख्यमंत्री ने हाफ मैराथन में शामिल सभी लोगों को बधाई देते हुए कहा कि पुरस्कार सिर्फ 10 लोगों को मिल रहें हैं, लेकिन हाफ मैराथन की ऐतिहासिक सफलता को देखते हुए मैं कहना चाहूंगा कि इस आयोजन की  कामयाबी श्रेय इसमें शामिल हुए सभी नागरिकों और धावकों को दिया जाना चाहिए। आयोजन में प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, खेल और युवा कल्याण मंत्री भईयालाल राजवाड़े, महिला और बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती रमशीला साहू, लोक निर्माण मंत्री राजेश मूणत, संसदीय सचिव श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, राज्य सभा सांसद डॉ. भूषणलाल जांगड़े, राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष कमलचंद भंजदेव, राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष श्रीमती शताब्दी पांडे, बीज निगम के अध्यक्ष श्याम बैस और अपेक्स बैंक के अध्यक्ष अशोक बजाज भी उपस्थित थे। सुप्रसिद्ध महिला रेसलर सुश्री गीता फोगट और भारतीय ओलंपिक संघ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य विक्रम सिसोदय सहित देश के अनेक राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त खिलाड़ी भी मौजूद थे। शुभारंभ सत्र में खेल और युवा कल्याण विभाग के सचिव सोनमणि बोरा ने स्वागत भाषण दिया और आयोजन के स्वरूप पर प्रकाश डाला।

मुख्यमंत्री ने विजेताओं को दिए पुरस्कार – मुख्यमंत्री ने राज्य स्तरीय हाफ मैराथन में पुरूष वर्ग की 21 किलोमीटर के ओपन प्रतियोगिता में तमिलनाडु के जी. लक्ष्मण को प्रथम पुरस्कार से नवाजा गया। पुरूष वर्ग में 21 किलोमीटर के इस हाफ मैराथन में महाराष्ट्र के कालीदास द्वितीय और उत्तर प्रदेश के सुरेश कुमार तृतीय स्थान पर रहे।

                  इसी कड़ी में राज्य स्तर पर 21 किलोमीटर के मैराथन में राजनांदगांव जिले के मुकेश्वर लाल को एक लाख रूपए का प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया। इसमें रायपुर के अरविन्द कुमार यादव ने द्वितीय स्थान और कोरिया जिले के भानुप्रताप राजवाड़े ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

               मुख्यमंत्री ने 21 किलोमीटर के राज्य स्तरीय हाफ मैराथन में महिला वर्ग से बिलासपुर जिले की रूमा देवी को प्रथम, सूरजपुर जिले की चन्द्रावती राजवाड़े को द्वितीय और बालोद जिले की विमला पटेल को तृतीय पुरस्कार से नवाजा।

              स्कूल कॉलेजों के विद्यार्थियों के लिए आयोजित 10 किलोमीटर की दौड़ में महाराष्ट्र के किशन नरसिंह को पहला, उत्तरप्रदेश के अमित कुमार यादव को द्वितीय और महाराष्ट्र के  ए.अश्विन कुमार को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थियों की 10 किलोमीटर की दौड़ में बालिका वर्ग से छत्तीसगढ़ की सुश्री मधुमिता बेहरा को प्रथम, महाराष्ट्र की सुश्री आरती पटेल को द्वितीय और उत्तरप्रदेश की सुश्री मोनिका चौधरी को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

             स्कूली बच्चों के लिए पांच किलोमीटर की दौड़ भी आयोजित की गई। इसमें बालक वर्ग से सुलेमान खान प्रथम और गोपाल कुमार राम द्वितीय स्थान पर रहे। बालिका वर्ग से कुमारी चैती ने प्रथम, कुमारी विनीता ने द्वितीय और कुमारी सुदर्शनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

            वेटरन समूह में पांच किलोमीटर की दौड़ हुई जिसमें पवन धनगर को प्रथम, घनश्याम पद्मशिखर को द्वितीय और गुलजारी लाल चन्द्रा को तृतीय स्थान मिला।

             दिव्यांगजनों के लिए आयोजित एक किलोमीटर की दौड़ में दृष्टिबाधित दिव्यांगों में से पुरूष वर्ग में रायपुर के रूपेश नेताम ने प्रथम, रायपुर के ही कमलाकांत ने द्वितीय और महासमुंद के रूपेन्द्र पटेल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

             दृष्टिबाधित दिव्यांगों की एक किलोमीटर की दौड़ में महिला वर्ग में कोण्डागांव की कुमारी संतिला नेताम को प्रथम और रायपुर की कुमारी रजनी जोशी को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। मुख्यमंत्री ने पुरस्कार वितरण समारोह में दृष्टिबाधित कुमारी ज्योति ध्रुव और कुमारी रागिनी जोशी को भी सम्मानित किया, जिन्होंने पिछले दिनों राष्ट्रीय जूडो स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन किया था।
उल्लेखनीय है कि 21 किलोमीटर की दौड़ में ओपन श्रेणी के अंतर्गत तीन लाख रूपए का प्रथम पुरस्कार, दो लाख रूपए का द्वितीय पुरस्कार और एक लाख रूपए का तृतीय पुरस्कार रखा गया था। छत्तीसगढ़ राज्य के धावकों के लिए 21 किलोमीटर की दौड़ में प्रथम पुरस्कार एक लाख रूपए, द्वितीय पुरस्कार 75 हजार रूपए, तृतीय पुरस्कार 50 हजार रूपए, चौथा पुरस्कार 25 हजार रूपए, पाचवां पुरस्कार 20 हजार रूपए और छठवां पुरस्कार 15 हजार रूपए का निर्धारित किया गया था।

error: Content is protected !!