00 विश्वविद्यालयों को विश्व स्तरीय बनाने10 हज़ार करोड़ रुपयोंकी घोषणा
बिहार / प्रधानमंत्री ने आज अपने बिहार दौरे के दौरान बिहार को दीपावली से पहले कई सौगात दीं।
पीएम ने आज मोकामा में चार बड़ी सड़क परियोजनाओं का कार्यारंभ किया और राजेन्द्र सेतू के समानांतर 6 लेन के गंगा पुल का शिलान्यास किया। औंटा और सिमरिया के बीच बनने वाला ये पुल 42 महीनों में बनकर तैयार होगा। इसी के साथ मोकामा से बख़्तियापुर, बिहारशरीफ से बरबीघा,महेशखूट से सहरसा नेशनल हाईवे के चौड़ीकरण का शिलान्यास किया। और यही नहीं, आज नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत पटना में चार सीवेज़ ट्रीटमेंट प्लांट और सीवेज़ नेटवर्क का भी शुभारंभ हुआ। मोकामा में पीएम ने कहा कि बिहार में केन्द्र और राज्य सरकार मिलकर काम कर रहे हैं और राज्य में विकास का पहिया तेज़ी से चलेगा। इन ढांचागत परियोजनाओं के महत्व की बात करते हुए पीएम ने कहा कि औंटा और सिमरिया के बीच बनने वाला पुल बिहार की जनता के लिए बेहद खास होगा।
बिहार 2022 तक हो सबसे समृद्ध – PM
पटना विश्वविद्यालय ने अपने शताब्दी समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का किया स्वागत। पीएम ने 10 सरकारी और निजी विश्वविद्यालयों को अगले 5 सालों में विश्व स्तरीय बनाने के लिए 10 हज़ार करोड़ रुपयों के कोष की घोषणा की। साथ ही 2022 तक बिहार को देश के सबसे समृद्ध राज्यों में से एक बनाने की शपथ लेने का किया आह्वान।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिवाली से ठीक पहले एक दिन के बिहार दौरे पर हैं। प्रधानमंत्री ने पटना विश्वविद्यालय के शताब्दी समारोह में शिरकत करने के लिए पटना साइंस कॉलेज पहुंचे। ये मौक़ा और भी ख़ास हो गया क्योकि पटना विश्वविद्यालय के किसी समारोह में पहली बार देश के किसी प्रधानमंत्री ने शिरकत की। प्रधानमंत्री के साथ बिहार के राज्यपाल सत्यपाल मलिक,मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उप-मुख्यमंत्री सुशील मोदी व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद,रामविलास पासवान,अश्विनी चौबे और उपेन्द्र कुशवाहा मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री ने शिक्षा के महत्व के बारे में कहा कि देश में पीढ़ियों के विकास के लिए पटना विश्वविद्यालय का योगदान अभूतपूर्व रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी संस्थान के लिए 100 वर्ष का सफ़र एक मील का पत्थर होता है। इसने कई हस्तियों को जन्म दिया है।
साल 1917 में गंगा नदी के किनारे बने इस विश्वविद्यालय के शानदार इतिहास और बिना रूके शिक्षा क्षेत्र में नऐ आयाम जोड़ते रहने को प्रधानमंत्री ने सराहा। उन्होंने कहा कि देश के कई महत्वपूर्ण जगहों पर और ख़ासकर भारतीय प्रशासनिक सेवा में पटना विश्वविद्यालय के छात्रों का योगदान अतुलनीय है। प्रधानमंत्री ने आधुनिक और तक़नीक़ी युग में शिक्षा का दायरा बदला है और नए अविष्कार आज प्रगति के लिए ज़रूरी है।
प्रधानमंत्री ने आज देश में स्टार्ट-अप की ज़रूरतों पर बल दिया और कहा कि देश आर्थिक प्रगति के लिए इसी दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।
इस मौक़े पर राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विश्वविद्यालय के किसी भी समारोह में पहली बार देश के प्रधानमंत्री के आगमन पर ख़ुशी ज़ाहिर की और कहा कि शताब्दी वर्ष में प्रधानमंत्री का आगमन समारोह के लिए गर्व का विषय है।
