Advertisement Carousel

बजट में वित्तीय मंजूरी प्राप्त रेल लाईन का कार्य शीघ्र प्रारंभ करने, पूर्व DRUCC सदस्य ने लिखा पत्र

** चिरमिरी – नागपुर हॉल्ट न्यू रेल लाईन का नक्शा
चिरमिरी / रेलवे डिवीजन बिलासपुर के पूर्व डीआरयूसीसी सदस्य वरिष्ठ अधिवक्ता विजय प्रकाश पटेल ने केन्द्रीय रेलमंत्री पीयूष गोयल व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह को पत्र प्रेषित कर उनसे मांग की है कि आप दोनों ने इस बजट में जिस चिरमिरी-नागपुर हॉल्ट न्यू लाईन विस्तारीकरण रेल-परियोजना के लिए 114 करोड़ रूपए की साझा वित्तीय मंजूरी प्रदान की है, उस दिशा में अब अविलंब कार्य प्रारंभ कर दिया जाना चाहिए।

श्री पटेल ने रेलमंत्री और मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि उक्त विस्तारीकरण से अबिकापुर रेल सेक्शन ऐतिहासिक तौर पर चिरमिरी-मनेन्द्रगढ़ रेलखण्ड से जुडऩे जा रहा है, जिसकी प्रतीक्षा सरगुजा और शहडोल संभाग के लाखों नागरिकों द्वारा की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस जीवनदायिनी परियोजना में लगभग 11 किलोमीटर तक रेलपांत बिछाए जाने के लिए दोनों सरकारों ने ओएमयू में किए अपने वायदे को निभाते हुए कुल लागत का आधा-आधा अर्थात् 57-57 करोड़ रूपए की वित्तीय मंजूरी रिलीज करने की जानकारी भी प्रसारित कर दी है, इसलिए अब जितनी जल्दी हो सके जमीनी स्तर पर कार्य प्रारंभ कर दिया जाना चाहिए।

पूर्व डीआरयूसीसी सदस्य ने रेलवे सूत्रों से प्राप्त उपरोक्त न्यू रेल लाईन विस्तारीकरण का नक्शा जारी कर बताया कि इसके अनुसार नागपुर रोड हॉल्ट स्टेशन को सीधा चिरमिरी से जोड़ा जाएगा, फिर नागपुर रोड-चिरमिरी-पाराडोल-मनेन्द्रगढ़ होकर यात्री ट्रेनों का संचालन किया जावेगा।

श्री पटेल ने रेलवे बोर्ड अध्यक्ष अश्वनी लोहानी, दक्षिण-पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर जोन के महाप्रबंधक सुनील सिंह सोईन एवं डीआरएम बी.गोपीनाथ मलिया सहित उपरोक्त उच्चाधिकारियों का ध्यानाकर्षित करते हुए उन्हें स्मरण कराया है कि विगत् वर्ष के रेल बजट में वित्तीय मंजूरी प्राप्त चिरमिरी-बरवाडीह रेल-विस्तारीकरण परियोजना को भी गंभीरता से लेते हुए दोनों कार्य एक साथ यथाशीघ्र प्रारंभ कर दिया जाना चाहिए, ताकि शासन की छवि और उसकी विश्वसनीयता पर विपरीत असर न पड़े।

error: Content is protected !!