जम्मू कश्मीर में सेना को बड़ी कामयाबी, अवंतीपुरा में एक संयुक्त अभियान में सेना ने सुंजवान आतंकवादी हमले के मास्टर माइंड जैश-ए-मोहम्मद के स्वयंभू कमांडर मुफ्ती वकास को मार गिराया।
जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलवामा जिले के लेट पोरा इलाके में मुठभेड़ के दौरान कल जैश-ए-मोहम्मद का ऑपरेशनल कमांडर मुफ्ती वकास मारा गया। वह सुंजवान हमले के अलावा कई अन्य आतंकी हमलों का भी मास्टरमाइंड बताया जा रहा है।
जम्मू के सुंजवान में पिछले महीने हुए आतंकी हमले में 6 सैनिक शहीद हो गए थे और एक नागरिक मौत हुई थी. इस घटना ने पूरे देश को उद्वेलित कर दिया था. मारे गए आतंकी के पास से भारी मात्रा में हथियार और अन्य सामान बरामद किया गया है। वकास पाकिस्तान का नागरिक है। राज्य पुलिस को मिली सूचना के आधार पर विशेष अभियान समूह और सेना के कमांडो ने मिलकर इलाके के एक घर को घेर लिया और अभियान शुरू किया।
