रायपुर / प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज छत्तीसगढ़ भाजपा विधायकों के साथ डिजिटल अंदाज में ऑडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बात की। सभी विधायक एक साथ फोन लाइन पर जोड़े गये और फिर बारी-बारी से उन सभी के साथ प्रधानमंत्री मोदी ने बातचीत की। वनमंत्री महेश गागड़ा, रायपुर उत्तर के विधायक श्रीचंद सुंदरानी और मनेंद्रगढ़ के विधायक श्यामविहारी जायसवाल के साथ प्रधानमंत्री मोदी ने बातचीत की। सभी विधायकों को प्रधानमंत्री मोदी ने ना सिर्फ जनसेवक होने की जिम्मेदारी का अहसास कराया, बल्कि केंद्र और राज्य की योजनाओं को भी जन जन तक पहुंचाने की बात कही।
छत्तीसगढ़ के विधायकों में सबसे पहले बारी महेश गागड़ा की थी। महेश गागड़ा से प्रधानमंत्री मोदी ने बातचीत की शुरुआत की, वहीं उनसे केंद्र की योजनाओं व छत्तीसगढ़ में योजनाओं के संदर्भ में बातचीत की। प्रधानमंत्री मोदी ने गागड़ा से 14 अप्रैल को बीजापुर दौरे के बारे में भी बताया।
इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मनेन्द्रगढ़ विधानसभा के विधायक श्यामबिहारी जायसवाल से बात की जिसमें आगामी 14 अप्रैल से 5 मई तक चलने वाले प्रदेश व्यापी ग्राम सुराज की जानकारी ली व ग्रामीण क्षेत्रों में शौचालय के उपयोग सहित बच्चों के स्कुल में पहुँचने को जागरूक करना बताया, साथ ही कहा की ऐसे ग्रामीण इलाके जहाँ 1000 से ज्यादा आबादी क्षेत्र हो वहाँ रात्रि विश्राम कर लोगों से जनसम्पर्क करने को कहा।
बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ के बीजेपी विधायकों से प्रधानमंत्री मोदी का बुधवार को सुबह 11 से 2 बजे तक चर्चा का कार्यक्रम रखा गया है। इसके लिए सभी विधायकों को कवरेज में रहने और मोबाइल खाली रखने के निर्देश दिए गए थे। पीएम मोदी ने विधायकों को कहा कि वे रुतबे में काम ना करें बल्कि जमीन से जुड़े लोगों से मिले, उनकी समस्या जानें और उसका समाधान निकालने की भी कोशिश करें। साथ ही उन्हें सरकार की योजनाओं से भी अवगत कराएं।
