रायपुर / खबर है कि छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र में पुलिस दल ने 27 नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जानकारी के अनुसार सुकमा जिले में एक महिला नक्सली समेत सात नक्सलियों को तथा बस्तर जिले में 20 नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया है।
आपको बता दे कि सुकमा जिले में गुरूवार को फुलबगड़ी थाना क्षेत्र में पुलिस दल को नक्सल विरोधी अभियान में रवाना किया गया था। दल ने गोगुंडा और सीमेल गांव के जंगल में घेराबंदी करके चार नक्सलियों मुचाकी भीमा :25 वर्ष:, मुचाकी सुला :25 वर्ष:, माडवी मुडा :28 वर्ष: और माडवी सुला :32 वर्ष: को गिरफ्तार कर लिया।
जिसके बाद एक अन्य घटना में चिंतलनार थाना क्षेत्र में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की कोबरा बटालियन और जिला बल के संयुक्त दल ने आज तीन नक्सलियों माडवी केशा :35 वर्ष:, माडवी भीमा :25 वर्ष: और महिला नक्सली कुमारी माडवी :20 वर्ष: को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार नक्सली दंडकारण्य आदिवासी किसान मजूदर संगठन, जनमिलिशिया और चेतना नाट्य मंच के सदस्य हैं। गिरफ्तार नक्सलियों पर पुलिस दल पर हमला समेत कई मामलों में शामिल होने का आरोप है।
इन दोनों ही घटना के बाद अन्य घटना में बस्तर जिले के सुरक्षा बलों ने दरभा पुलिस थाना क्षेत्र के जंगल में 20 नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार नक्सलियों पर कई नक्सली घटनाओं में शामिल होने का आरोप है।
