पूर्व पाक पीएम नवाज़ शरीफ को 10, बेटी मरियम नवाज को 7, नवाज़ के दामाद कैप्टन सफदर को 1 साल की सज़ा

खबर है कि पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को भ्रष्टाचार के मामले में 10 साल की सजा सुनाई गई है. इसके साथ ही उनकी बेटी मरियम नवाज को भी 7 साल की सजा हुई है.

पाकिस्तान की एकाउंटिबिलिटी कोर्ट ने नवाज शरीफ को लंदन के एवियन फील्ड में अचल संपत्ति रखने के मामले में यानि आय से अधिक संपत्ति के मुद्दे पर सज़ा दी है. अदालत ने नवाज़ पर 80 लाख पाउंड और उनकी बेटी पर 20 लाख पाउंड का जुर्माना भी लगाया है.

इन दोनों के अलावा नवाज़ के दामाद कैप्टन सफदर को नेशनल एकाउंटेबिलिटी ब्यूरो के साथ सहयोग नहीं करने के लिए एक साल जेल की सजा सुनाई है. पिछले साल पनामा गेट मामले में पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक फैसले में दिए गए निर्देश के आधार पर नेशनल एकाउंटेबिलिटी ब्यूरो और दो अन्य लोगों ने यह मामला दायर किया था.

10 प्वाइंट में जानिए पूरे मामले की खास बातें –

1. एवेनफील्ड हाउस लंदन के पॉश इलाके पार्क लेन में है. नवाज शरीफ को सजा सुनाए जाने का पूरा मामला इसी एवेनफील्ड हाउस में चार फ्लैटों के स्वामित्व से जुड़ा हुआ है.
2. जिस एवेनफील्ड फ्लैटों को लेकर शरीफ को सजा सुनाई गई, उन्होंने उसी फ्लैट में टीवी पर सजा के बारे में सुना.
3. नवाज शरीफ ने टैक्स हैवेन कहे जाने वाले देशों में रजिस्टर कंपनियों के जरिए इस संपत्ति को खरीदा.
4. लंदन के जमीन पंजीकरण रिकॉर्ड के अनुसार एवेनफील्ड हाउस के ज्यादातर फ्लैटों की मालिक पनामा, ब्रिटिश वर्जिन द्वीप समूह और ग्वेर्नसे जैसे टैक्स हैवेन में बनाई गई कंपनियां हैं.
5. शरीफ परिवार से संबंधित दो कंपनियों नीलसन एंटरप्राइज लिमिटेड और नेसकॉल लिमिटेड के पास एवेनफील्ड हाउस के चार फ्लैट – 16, 16ए, 17 और 17ए हैं.
6. ये सभी फ्लैट एक ही फ्लोर पर हैं और इन्हें आपस में मिलाकर एक बड़े घर का रूप दे दिया गया है.
7. नवाज शरीफ परिवार ने सबसे पहले जून नेसकॉल लिमिटेड के जरिए जून 1993 में फ्लैट नंबर 17 को खरीदा। इसके बाद 31 जुलाई 1995 को फ्लैट नंबर 16 और 16ए को खरीदा गया. सबसे अंत में 23 जुलाई 1996 को फ्लैट नंबर 17ए को खरीदा गया.
8. इसके अलावा एवेनफील्ड हाउस में शरीफ परिवार के पास एक और फ्लैट 12ए है, लेकिन उसे ऑफशोर कंपनी के जरिए नहीं, बल्कि फ्लैगशिप इनवेस्टमेंट लिमिटेड के जरिए खरीदा गया. ये कंपनी बिट्रेन में रजिस्टर है और हसन नवाज शरीफ इसके डायरेक्टरों में शामिल हैं.
9. एवेनफील्ड हाउस की अन्य संपत्तियों में फ्लैट नंबर 20 और 21 की मालिक हंग यिप डेवलपमेंट लिमिटेड है, जो ब्रिटिश वर्जिन द्वीप समूह में रजिस्टर एक ऑफशोर कंपनी है. जबकि फ्लैट नंबर 9 और 10 की मालिक मिलेन मैनेजमेंट लिमिटेड है, जिसे पनामा में बनाया गया है.
10. इस तरह एवेनफील्ड हाउस की बाकी प्रॉपर्टी की मालिक भी टैक्स हैवेन में बनाई गई ऑफशोर कंपनियां हैं.

error: Content is protected !!