विधायक भैयालाल राजवाड़े और एसपी का समिति ने किया आत्मीय स्वागत, व्रतियों से मिलकर दी छठ महापर्व की शुभकामनाएं
बैकुंठपुर। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर देवरहा बाबा सेवा समिति ने सेवा और समर्पण की मिसाल पेश की। समिति की ओर से प्रतिवर्ष की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए छठ घाट पर पहुंचे श्रद्धालुओं और व्रतियों के बीच कॉफी एवं बिस्कुट का वितरण किया गया। समिति के सदस्यों ने पूरे उत्साह और सेवाभाव के साथ श्रद्धालुओं की सेवा की।
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक भैयालाल राजवाड़े का समिति के सदस्यों ने आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। विधायक ने छठ घाट का भ्रमण कर व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं से मुलाकात की तथा सभी को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। वहीं, जिले के पुलिस अधीक्षक का भी समिति की ओर से आत्मीय स्वागत किया गया।
समिति के सदस्यों ने बताया कि धार्मिक और सामाजिक आयोजनों के माध्यम से समाज में एकता, आपसी भाईचारे और सेवा की भावना को मजबूत करना उनका प्रमुख उद्देश्य है। छठ जैसे लोक आस्था के पर्व पर श्रद्धालुओं की सेवा करना समिति के लिए सौभाग्य और संतोष का विषय है।
देवरहा बाबा सेवा समिति ने अपने सेवा संकल्प को दोहराते हुए कहा कि समाज ही परिवार है और सेवा ही उनका संकल्प है। समिति की इस पहल की श्रद्धालुओं ने सराहना की।
