** ग्राम विकास समिति रामानुजगंज द्वारा प्रशिक्षण प्राप्त छात्र छात्राओं को प्रमाण पत्र वितरण किया
वसीम बारी,रामानुजगंज / नगर रामानुजगंज में संचालित सर्वसुविधायुक्त लैब और प्रोफेशनल प्रशिक्षकों से लैस ‘ग्राम विकास समिति’ के द्वारा तीन माह के प्रशिक्षण उपरांत 100 से अधिक छात्र छात्राओं को नगर पंचायत अध्यक्ष रमन अग्रवाल एवं जनपद पंचायत रामचन्द्रपुर के अध्यक्ष श्रीमती इन्द्री आयाम के उपस्थिति में प्रमाण पत्र वितरण किया गया।
यह प्रशिक्षण Day – NULM , एवटेक एवं आइसेक्ट के साथ चैनल पार्टनर ग्राम विकास समिति के द्वारा ब्यूटी पार्लर, इलेक्ट्रिशियन, रिटेल, मिशन, कम्प्यूटर तथा हार्डवेयर का कोर्स तीन महीने का कराया गया है।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने ग्राम विकास समिति के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि समिति द्वारा पर्याप्त संसाधनों व कुशल प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण कराया गया है जो निश्चित रूप से प्रशिक्षण प्राप्त छात्र छात्राओं के लिए भविष्य गढ़ने का कार्य करेगा। ग्राम विकास समिति के संस्था प्रमुख प्रभाकर द्विवेदी ने बताया कि कौशल विकास कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन के लिए केंद्र सरकार की ओर से हर संभव सहयोग दिया जा रहा है। उन्होंने सरकारी विभागों से आग्रह करते हुए कहा कि कौशल विकास कार्यक्रमों के तहत प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके युवाओं को तत्परता से रोजगार से जोड़ा जाए।
रामचन्द्रपुर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती इन्द्री आयाम ने कहा कि प्रदेश में युवाओं को हुनरमंद बनाने के लिए विकास अधिकार कानून बनाया गया है और युवाओं को कुशल, दक्ष एवं हुनरमंद बनाकर उनको अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने हेतु जिला एवं क्षेत्रीय सरकारी विभाग सक्रिय है।

इस मौके पर नगर पंचायत रामानुजगंज के एल्डरमेन श्रीमती शर्मिला गुप्ता ने कहा कि कौशल विकास और प्रशिक्षण के माध्यम से, डे – एनयूएलएम शहरी गरीबों के लिए रोजगार के अवसर और आय बढ़ाने के उद्देश्य से नगर में संचालित ग्राम विकास समिति चैनल पार्टनर बन कर सक्रिय है जो नगरीय क्षेत्रों के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है।
इस मौके पर मुख्य रूप से संस्था प्रमुख प्रभाकर द्विवेदी, मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) भूपेन्द्र बहादुर सिंह, मेहीलाल आयाम, दिवाकर द्विवेदी, उमेश गहरवार, सहित प्रशिक्षण प्राप्त किए प्रशिक्षणार्थी व अन्य बहुत सारे लोग उपस्थित थें।
