रायपुर / बड़ी खबर है कि सेक्स सीडी केस में पीसीसी चीफ भूपेश बघेल को जेल दाखिल करवा दिया गया है। उन्हें सीबीआई की विशेष अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा है। इससे पहले उन्होंने कहा था कि वे न तो जमानत करवाएंगे न ही, कोई वकील रखेंगे।
बता दे कि कोर्ट के निर्णय के बाद उन्हें जेल ले जाने में पुलिस को भारी मशक्कत करनी पड़ी। कोर्ट परिसर में ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हुजूम इकट्ठा हो गया था। इसके चलते पुलिस की गाड़ी आगे बढ़ ही नहीं पा रही थी। काफी देर तक कांग्रेस कार्यकर्ता यहां हंगामा करते रहे। बड़ी मुश्किल से पुलिस की गाड़ी कोर्ट परिसर से निकल सकी। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता सेंट्रल जेल परिसर पहुंच गए।
सेंट्रल जेल परिसर में पूर्व नेता प्रतिपक्ष रविंद्र चौबे, धनेंद्र साहू आदि नेता और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंचे थे। यहां भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। इसके बाद पुलिस ने बघेल को जेल दाखिल करवा दिया। कांग्रेस ने कहा है कि इसके विरोध में वह मंगलवार को जेल भरो आंदोलन करेगी। पूर्व मंत्री चरणदास महंत ने कहा है कि उन्होंने कहा कि कल राजीव भवन से निकालकर जेल भरो आंदोलन किया जाएगा। 25 को राजधानी में जेल भरो आंदोलन के बाद 27 सितंबर सभी जिलों में आंदोलन कांग्रेस करेगी।
वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने पीसीसी चीफ भूपेश बघेल को पद से बर्खास्त करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने कथित अश्लील सीडी कांड में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल की संलिप्तता जाहिर होने पर आक्रामक तेवर दिखाए और कहा कि बघेल ने ऐसा करके छत्तीसगढ़ महतारी और प्रदेश की महिलाओं के सम्मान से खिलवाड़ करने का पाप किया है। कांग्रेस के केन्द्रीय नेतृत्व को अपने ऐसे प्रदेश अध्यक्ष को तत्काल पद से बर्खास्त करने का नैतिक साहस दिखाना चाहिए।
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की गिरफ्तारी को कांग्रेस की कलंक-गाथा का एक और अध्याय बताया है। उन्होंने कहा कि बघेल की गिरफ्तारी से इस बात की पुष्टि हो जाती है कि अब कांग्रेस के नेता चरित्र-हत्या करके अपना राजनीतिक वजूद बचाने की शर्मनाक हरकतों के दोषी हैं। कौशिक ने इस पूरे मामले में चल रही जांच प्रक्रिया को राजनीतिक प्रतिशोध बताने के कांग्रेसी प्रयासों को भी हास्यास्पद करार दिया और कहा कि इस पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग तो खुद कांग्रेस ने ही की थी। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि यदि राहुल गांधी में जरा भी नैतिक साहस है तो वे तुरंत चरित्र-हत्या करके राजनीति को दागदार बनाने वाले भूपेश बघेल को प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष पद से बर्खास्त करें।
