कोरिया / गुलाबी ठंड की दस्तक के साथ ही बैकुंठपुर विधानसभा में धीरे धीरे राजनीतिक गर्माहट भी बढ़ने लगी है । जैसे-जैसे मतदान के समय निकट आ रहा है। वैसे- वैसे ही राजनीतिक पारा भी अपने आप ऊपर चढ़ रहा है अब चुनावी आमसभा में सभी राजनीतिक दल एक दूसरे के ऊपर प्रहार करने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं। मतदाता भी सभी दलों की बातें गंभीरता से सुन रहा है लेकिन अपने पत्ते नहीं खोल रहा है।
रविवार को स्थानीय घड़ी चौक में आयोजित चुनावी आमसभा में आम आदमी पार्टी के सुनील सिंह ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि यदि जनता उन्हें चुनती है तो वह एक कर्मचारी की तरह काम करेंगे उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी दिल्ली की तरह मोहल्ला क्लीनिक बनाकर लोगों को मेडिकल की सुविधा उपलब्ध कराएगी इसके अलावा बैकुंठपुर के जिला चिकित्सालय को शहरों की तर्ज पर सुपर स्पेशलिस्ट मल्टी हॉस्पिटल बनाया जाएगा।
वहीं छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस (जे) के प्रत्याशी तथा मुख्य वक्ता बिहारी लाल राजवाड़े ने कहा कि वह एक चपरासी के बेटे हैं, और वह जनता के लिए चपरासी बन कर काम करेंगे। उन्होंने भाजपा पर जमकर प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों का बोनस खा लिया तथा धान का समर्थन मूल्य नहीं बढ़ाया इसके अलावा स्वेच्छा अनुदान को लेकर उन्होंने भाजपा प्रत्याशी पर भी जमकर आरोप लगाया।
वहीं भाजपा प्रत्याशी भैयालाल राजवाड़े ने कहा कि मैं लोगों का इलाज कर आता हूं तो विपक्षी पार्टियां मेरा मजाक उड़ाते हैं लेकिन मेरा यह मिशन है कि इलाज के अभाव में किसी की मौत ना हो और मैं इस मिशन को मरते दम तक पूरा करूंगा। उन्होंने कहा कि गरीबी और बीमारी एक दिमाग की तरह है जो पूरे परिवार को खोखला कर देती है इसका दर्द वही समझ सकता है जो इस दर्द से गुजरा है। मैं आरोप प्रत्यारोप की राजनीति नहीं करना चाहता मैं सिर्फ लोगों की भलाई करना चाहता हूं। भैया लाल राजवाड़े ने कहा कि विरोधियों से कहना चाहता हूं कि वह दूसरों की खींची लाइन को मिटाने की बजाय अपनी अलग लाइन खींच कर उसे बड़ा करें ।
भाजपा जिला अध्यक्ष तीरथ गुप्ता ने अपने सौम्य भाषण से जनता का दिल जीतते हुए कहा कि जो आपके सुख-दुख में खड़ा होता है जो आपकी बात सुनता है आप अपने दिल से उस व्यक्ति को चुनिए। उन्होंने कहा कि जनता जनार्दन से बड़ा कोई नहीं होता है जिसे वह चाहती है वहीं गद्दी पर बैठता है और जिसे हटाना चाहती है उसे उखाड़ देती है। पूर्व नप अध्यक्ष शैलेष शिवहरे ने कहा की कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा था कि पैराशूट का उम्मीदवार नहीं चलेगा लेकिन बैकुंठपुर में पैराशूट का उम्मीदवार ही उतारा गया है जिसकी डोर जनता काट देगी। जिला महामंत्री कृष्णबिहारी जायसवाल ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी भैयालाल राजवाड़े से मिलना आसान है । लेकिन महल के लोगों से सुबह 11:00 के पहले और शाम के 6:00 बजे के बाद मिलना नामुमकिन है । वहीं यदि देर रात आपको कोई काम पड़ जाए तो आप उनसे मिल ही नहीं सकते।
कांग्रेस की ओर से एक बार फिर दमदार ओजस्वी वक्ता योगेश शुक्ला ने छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा ,उन्होंने कहा कि पिछले 15 वर्षों में राज्य में भय, भर्ष्टाचार व अराजकता का माहौल फैल गया है। उन्होंने कहा कि यदि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार आती है तो किसानों को ₹25 सौ धान का समर्थन मूल्य दिया जाएगा, यही नहीं 2 वर्षों का बोनस भी किस्तों में दिया जाएगा ।उन्होंने कहा कि अपने पुलिस भाइयों को सप्ताह में 1 दिन की छुट्टी दी जाएगी, इसके अलावा उनके सायकल भत्ते को हटाकर मोटरसाइकिल भत्ता दिया जाएगा और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि नौकरी में स्थानीय लोगों को प्राथमिकता मिलेगी आउटसोर्सिंग से भर्ती पूरी तरह बंद रहेगी। सभी वर्ग के लोगों को हर प्रकार की बीमारी का चाहे कितना भी खर्च लगे उपचार कराया जाएगा।
कांग्रेस के संजय जायसवाल ने कहा कि भाजपा के लोग कांग्रेस प्रत्याशी अंबिका सिंहदेव को बाहरी बताते हैं, जबकि उन्हें नहीं मालूम कि उनका पूरा बचपन यहीं बीता है, उनकी कई पीढ़ियों ने कोरिया की जनता की सेवा की है और अब वह है इसी मिशन को लेकर हम सब के बीच रहने आयी हैं। अतिथि वक्ता के रूप में पंडित अनिल शर्मा ने भी भाजपा पर जमकर हमला बोला उन्होंने कहा कि भैया लाल राजवाड़े नि:संदेह चंदन के वृक्ष है लेकिन उसके आसपास के लोग विषधर है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष नजीर अजहर ने कहा कि क्षेत्र की जनता अब 15 सालों में भाजपा के भ्रष्टाचार से तंग आ गई है और अब बदलाव का वक्त आ गया है और जनता भी पूरी तरह बदलाव के मूड में नजर आ रही है। पूर्व नेता प्रतिपक्ष और मुखर वक्ता संजय जयसवाल ने कहा कि जनता को अब कुमार साहब को सच्ची श्रद्धांजलि देने का वक्त आ गया है। उन्होंने जनता से अंबिका दीदी को जीता कर स्व.कोरिया कुमार को श्रद्धांजलि देने का आह्वान किया। इसके बाद गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की सभा में प्रत्याशी संजय सिंह कमरों ने भाजपा व कांग्रेस दोनों पर ही गंभीर आरोप लगाए। इस दौरान सभी राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता व पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
