जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़, 2 आतंकी ढेर, 1 जवान शहीद

श्रीनगर / जम्मू एवं कश्मीर के कुलगाम जिले के एक गांव में मंगलवार को एक मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए और सेना का एक जवान शहीद हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। मारे गए आतंकवादियों के लश्कर-ए-तैयबा के होने की संभावना जताई गई है, फिलहाल उनकी सही पहचान का पता नहीं चल पाया है।

क्षेत्र में आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने रेडवानी गांव को चारों ओर से घेर लिया, जिसके बाद शुरू हुई मुठभेड़ में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल का एक सब-इंस्पेक्टर और एक कॉन्स्टेबल भी घायल हो गए।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा बलों ने कुलगाम जिले के रेडवानी इलाके में आधी रात को घेराबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया कि इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिलने के बाद यह अभियान शुरू किया गया था।अधिकारी ने बताया कि तलाश के दौरान आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर गोली चला दी, जिसका सुरक्षा बलों ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया।
उन्होंने बताया कि गोलीबारी जारी है और विस्तृत जानकारी मिलनी अभी बाकी है। अधिकारी ने बताया कि दूसरे अभियान में पुलवामा जिले के त्राल के हफू इलाके में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ जारी है। उन्होंने बताया कि आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में खुफिया जानकारी मिलने के बाद मंगलवार सुबह सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी की थी।

error: Content is protected !!