Advertisement Carousel

पुलिस से मुठभेड़ में नक्सल कमांडर सोमड़ा ढेर, 1 एसएलआर रायफल और दो मैगजीन बरामद

रायपुर-सुकमा / बस्तर में पुलिस और सुरक्षा बलों का संयुक्त ऑपरेशन प्रहार 4 जारी है। गुरुवार को दंतेवाड़ा-सु्कमा सीमा पर पुलिस और नक्सलियो के बीच मुठभेड़ में एक नक्सली मिलिट्री कमांडर ढेर हो गया। 

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बुधवार रात को सुकमा और दंतेवाड़ा जिले से एसटीएफ और डीआरजी के जवानों को नक्सल विरोधी अभियान में फुलबगड़ी, अरनपुर और गादीरास क्षेत्र में रवाना किया गया था। दल जब आज फुलबगड़ी क्षेत्र में था तब नक्सलियों ने पुलिस दल पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस दल ने जवाबी कार्रवाई की। लगभग एक घंटे तक दोनों ओर से गोलीबारी के बाद नक्सली वहां से फरार हो गए। बाद में जब पुलिस दल ने घटनास्थल की तलाशी ली तब वहां से एक वर्दीधारी नक्सली का शव, एक एसएलआर रायफल और दो मैगजीन बरामद किए गए।

उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में मारे गए नक्सली की पहचान मिलिट्री प्लाटून नंबर 30 के कमांडर सोमड़ा के रूप में हुई है। घटनास्थल में भारी मात्रा में खून के निशान मिले हैं। इससे इस मुठभेड़ में लगभग 10 नक्सलियों को गोली लगने की संभावना है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में पुलिस दल लगातार गश्त कर रहा है तथा नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई जारी है।

इससे पहले ऑपरेशन प्रहार 4 के तहत सोमवार को साकलेर में 8 और एलमागुंडा में 1 नक्सली को मार गिराया गया था। इस ऑपरेशन में दो जवान भी शहीद हो गए थे। ऑपरेशन प्रहार-4 में मारे गए 9 नक्सलियों में से 8 की शिनाख्त हो चुकी है। दो डीवीसी सदस्य ताती भीमा और पोडियम राजे के अलावा पुलिस ने 6 अन्य की भी पहचान कर ली है। एक महिला नक्सली के शव की अब तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। सभी शवों को इनके परिजनों को सौंप दिया गया है।

error: Content is protected !!