कोरिया / एक ओर शहर में कड़ाके की ठंड बढ़ने लगी है, दूसरी ओर घड़ी चौक, बस स्टैंड, जिला अस्पताल समेत सार्वजनिक स्थानों में अब तक अलाव की व्यवस्था नहीं की गई थी। इससे शाम और रात के समय राहगीरों यात्रियों को ठंड की मार झेलनी पड़ रही है। कुछ दिन पहले तक बदली की वजह से ठंड कम थी। लेकिन मौसम साफ होते ही जिले में अब कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है।

आपको बता दे कि सोशल मीडिया में इस विषय को लेकर गौ रक्षक अनुराग दुबे ने पिछले सप्ताह भर से बैकुण्ठपुर नगर पालिका प्रशासन की जमकर छीछालेदर-फजीहत की, जिसके बाद आज से शहर में अलाव की व्यवस्था करते हुए पालिका कर्मचारी देखे गए हैं और ऐसा प्रतीक होता रहा हैं कि आज से शहर के विभिन्न स्थलों में अलाव जलते हुए दिखेंगे।
फिलहाल हाल यह हैं कि लोगों को रात के अलावा सुबह शाम के समय गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है। सुबह के समय धूप से कुछ राहत मिल जाती है। लेकिन शाम के समय ठंड का असर शुरू हो जाता है। जैसे-जैसे रात चढ़ती जाती है वैसे-वैसे तापमान गिरने लगता है और ठंड बढ़ता जाता है। प्रतिवर्ष ठंड बढ़ते ही नगर पालिका द्वारा लोगों को राहत दिलाने के लिए शहरी क्षेत्र में बस स्टैंड समेत प्रमुख चौक-चौराहों में अलाव की व्यवस्था की जाती है। लेकिन इस वर्ष अब तक पालिका के द्वारा अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है। इसके कारण रात के समय लोगों को खुले में ठंड से बचने के लिए कोई साधन नहीं मिल रहा है। जबकि रात बढ़ते ही पारा गिरने से खुले में गर्म कपड़े भी असर नहीं करते हैं। इस वजह से रात के समय में सफर करने वाले राहगीर ठंड से परेशान हो रहे हैं।
