कल दोपहर 12 बजे आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में चिरिमिरी जिला मुख्यालय बनाओ समिति करेगी आंदोलन की रणनीति का खुलासा
कोरिया चिरिमिरी से अफसर अली -/ चिरिमिरी जिला मुख्यालय बनाओ संघर्ष समिति द्वारा आयोजित ‘चिरिमिरी बंद’ स्वस्फूर्त रूप से सफल रहा । इस आंदोलन को आश्वासन देकर वापस कराने मंच पर पहुंचे विधायक डॉ. विनय जायसवाल को मंच में मौजूद महिलाओं के विरोध का सामना करना पड़ा । जिसके बाद वे अपनी पूरी बात कहे बगैर मंच छोड़कर चले गए ।
वहीं कल दोपहर 12 बजे प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर चिरिमिरी जिला मुख्यालय बनाओ समिति ने इस आंदोलन की आगे की रणनीति का खुलासा करने की बात कही है ।
ज्ञात हो कि चिरिमिरी जिला मुख्यालय बनाओ संघर्ष समिति ने कल शाम को हल्दीबाड़ी यातायात चौक में आयोजित बैठक में आज चिरिमिरी बंद का आह्वान किया था जिसका असर आज सुबह 7 बजे से ही देखने को मिला । किराना, जनरल स्टोर के साथ ही होटल और पान के ठेले तक आज पूरी दिन नही खुले । मेडिकल स्टोर, सब्जी मंडी सहित जरूरी सेवाएं जरूर चालू रही ।
इसी बीच क्षेत्र के विधायक डॉ. विनय जायसवाल और चिरिमिरी महापौर कंचन जायसवाल भी मंच पर पहुंचे । विधायक डॉ. विनय ने एक सप्ताह के भीतर घोषित नए जिले मनेंद्रगढ़ में चिरिमिरी व भरतपुर का नाम जोड़ने का दावा किया । लेकिन लोगो ने जिला मुख्यालय चिरिमिरी में लाने की मांग की । जिस पर विधायक डॉ. विनय ने चिरिमिरी से 4 किलोमीटर के भीतर जिला मुख्यालय होने का दावा किया । लेकिन जब आंदोलनकारियों ने ये कहा कि घोषणा होने से पहले वे आंदोलन को खत्म नही करेंगे, तब विधायक डॉ. विनय ने कहा कि वे केवल एक सप्ताह का समय मांग रहे है 15 साल का नही । इसी पर विवाद हो गया और लोग मंच को राजनैतिक नही बनाने की बात कहते हुए नारे लगाने लगे । इसी बीच विधायक डॉ. विनय अपना संबोधन अधूरा छोड़कर ही मंच से बाहर निकल गए ।
कल मंच ने दोपहर 12 बजे प्रेस कांफ़्रेस रखी है, जिसमे वे आंदोलन के आगे की रणनीति का खुलासा करेंगे ।




