Advertisement Carousel

24 घंटे में खैरागढ़ को जिला बनाने की घोषणा की जाएगी – CM बघेल, कांग्रेस ने जारी किया घोषणा पत्र

खैरागढ़ उपचुनाव महज 11 दिन बाद खैरागढ़ सीट के लिए मतदान है। ऐसे में खैरागढ़ में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कांग्रेस का घोषणा पत्र जारी कर रहे हैं। इसमें कहा गया है कि उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के निर्वाचित होते ही 24 घंटे में खैरागढ़ को जिला बनाने की घोषणा की जाएगी। जिले का नाम खैरागढ़-छुईखदान-गंडई रखा जाएगा। CM बघेल ने भी स्पष्ट कर दिया है कि यह विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल है।

खैरागढ़ के नॉवेल्टी होटल पैलेस में जारी किए जा रहे घोषणापत्र में 29 बिंदु शामिल हैं। इसमें पूर्व विधायक और स्व. राजा देवव्रत सिंह की प्रतिमा को भी स्थापित करने की प्रमुखता से बात कही गई है। इसके साथ ही वहां नई तहसील, नई उपतहसील, अंग्रेजी स्कूल, अस्पताल, पान अनुसंधान केंद्र और हाईटेक बस स्टैंड बनाने की बात शामिल है। CM के साथ प्रदेश प्रभारी पी एल पुनिया, PCC अध्यक्ष मोहन मरकाम सहित कई मंत्री और विधायक भी साथ मौजूद हैं।

एक दिन के प्रवास पर खैरागढ़ पहुंचे मुख्यमंत्री बघेल इससे पहले कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल हुए। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी यशोदा वर्मा के लिए वोट मांगा और BJP पर निशाना साधा। CM बघेल ने कहा कि 15 साल के शासन में सिर्फ लोगों को ठगने का काम किया। किसानों के हित की बात नहीं हुई। यह ऐसे लोग हैं, जो मुंह में राम का नाम रखते हैं और बगल में छूरी लिए रहते हैं। खैरागढ़ की हमेशा उपेक्षा करते आए हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही कांग्रेस की ताकत हैं। यही कांग्रेस के प्रत्याशी को जिताएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि खैरागढ़ उपचुनाव विधानसभा का सेमीफाइनल है। इसकी जीत आगे के रास्ते खोलेगी। राम मंदिर परिसर में हो रहे सम्मेलन में उन्होंने कहा कि प्रत्याशी को जिताने के लिए कार्यकर्ता एड़ी-चोटी का जोर लगा रहे हैं।

error: Content is protected !!