Saturday, June 28, 2025
Uncategorized 18 करोड़ की अफवाह, ग्रामीण के घर डकैती, मिले...

18 करोड़ की अफवाह, ग्रामीण के घर डकैती, मिले केवल 30 हजार

-

जगदलपुर  / छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में एक किसान के घर 18 करोड़ रुपए होने की अफवाह के चलते डकैती हुई है। हालांकि डकैतों के हाथ सिर्फ 30 हजार रुपए ही लगे। कुछ दिन पहले अफवाह फैली थी की किसान ने पुराने सिक्के बेचे थे और इन्हीं सिक्कों के उसे करीब 18 करोड़ रुपए मिले थे। इसी अफवाह के चलते वारदात को अंजाम दिया गया है। मामले के 4 दिन बाद पुलिस ने 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जिन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है। मामला बडांजी थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, बस्तर जिले के घाट धनोरा के रहने वाले किसान बलदेव बघेल ने 5 जून को थाने में डकैती की FIR दर्ज करवाई थी। जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई थी। आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर तालुर के रहने वाले दीगम कश्यप और वासुदेव ठाकुर को हिरासत में लिया। जिनसे मामले की पूछताछ की गई। जिन्होंने वारदात का सारा राज खोल दिया। दोनों ही आरोपियों ने बताया कि बलदेव के घर में करीब 18 करोड़ रुपए होने की कहीं से बात सुनी।

जिसके बाद कुल 9 लोगों ने मिलकर डकैती का प्लान बनाया। फिर 4-5 जून की देर रात सभी टाकरागुडा गांव में इकठ्ठा हुए। इनमें कुछ ओडिशा के भी थे। सभी रात में मौका पाकर बलदेव के घर घुस गए। उस समय घर के सारे सदस्य सोए हुए थे। 18 करोड़ ढूंढने घर में यहां-वहां रखे सामानों की तलाशी लेनी शुरू कर दी लेकिन, पैसे नहीं मिले। इसी दौरान घर के सदस्य जाग गए। डकैतों ने सभी घरवालों को चाकू की नोक पर एक कमरे में बंद कर दिया। 18 करोड़ रुपए के बारे में पूछताछ भी की गई, लेकिन घरवालों ने इस तरह की कोई राशि नहीं मिलने की बात कही। इसी दौरान एक की नजर घर पर रखे संदूक पर पड़ी। फिर संदूक का ताला तोड़कर उसमें रखे 30 हजार रुपए पार कर लिए।

पूरी तलाशी लेने के बाद डकैत घर से निकल गए। सुबह होने पर परिवारवालों ने किसी तरह घर का दरवाजा खुलवाया और डकैती की रिपोर्ट थाने में करवाई गई थी। नगर पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार ने बताया कि इस मामले में शामिल 9 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भी भेज दिया गया है। इनके पास से 2 चार पहिया वाहन और 4 बाइक समेत मोबाइल फोन और कुछ नगदी भी बरामद की गई है।

Latest news

- Advertisement -

Must read

You might also likeRELATED
Recommended to you

error: Content is protected !!