रायपुर। छत्तीसगढ़ में 10 नगर निगम, 49 नगर पालिका परिषद और 114 नगर पंचायतों के लिए आज मतदान हो रहा है। सुबह 8 बजे से शुरू हुआ मतदान शाम 5 बजे तक चलेगा। मतदाता महापौर, अध्यक्ष और पार्षद पदों के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा 5970 मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
राज्यभर में मतदान के प्रमुख आंकड़े
- कुल मतदाता: 44,74,269
- पुरुष मतदाता: 22,00,525
- महिला मतदाता: 22,73,232
- तृतीय लिंग मतदाता: 512
- कुल मतदान केंद्र: 5970 (संवेदनशील: 1531, अति संवेदनशील: 132)
- महापौर पद के प्रत्याशी: 79
- रायपुर में सबसे अधिक 16 प्रत्याशी
- दुर्ग में सबसे कम 2 प्रत्याशी
- अध्यक्ष पद के लिए कुल प्रत्याशी: 606
- पार्षद पद के लिए कुल वार्ड: 3201
- नगर निगमों में: 542 वार्ड
महापौर चुनाव: भाजपा बनाम कांग्रेस का सीधा मुकाबला
प्रदेश के 10 नगर निगमों में महापौर पद के लिए भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिल रहा है। सभी नगर निगमों में जोरदार चुनावी सरगर्मी बनी हुई है।
प्रमुख नगर निगमों में टक्कर के मुकाबले:
- रायपुर (सामान्य महिला): मीनल चौबे (भाजपा) बनाम दीप्ति दुबे (कांग्रेस)
- बिलासपुर (ओबीसी): पूजा विधानी (भाजपा) बनाम प्रमोद नायक (कांग्रेस)
- अंबिकापुर (ST): मनीषा भगत (भाजपा) बनाम अजय तिर्की (कांग्रेस)
- दुर्ग (ओबीसी महिला): अलका बाघमार (भाजपा) बनाम प्रेमलता साहू (कांग्रेस)
- कोरबा (सामान्य महिला): संजू देवी राजपूत (भाजपा) बनाम ऊषा तिवारी (कांग्रेस)
- धमतरी (सामान्य): जगदीश रामू रोहरा (भाजपा), कांग्रेस से कोई प्रत्याशी नहीं
रायपुर में मतदान को लेकर भारी उत्साह
राजधानी रायपुर में 10.36 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। इनमें 5.18 लाख पुरुष, 5.16 लाख महिलाएं और 256 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए 1095 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए प्रशासन ने 104 सेक्टर अधिकारी तैनात किए हैं।
मतदान के दौरान बड़ी घटनाएं
- भाठागांव मतदान केंद्र में तकनीकी समस्या:
रायपुर के भाठागांव मतदान केंद्र में 14 बूथों में से 8 से अधिक बूथों पर ईवीएम मशीनें खराब हो गईं, जिससे मतदान प्रक्रिया प्रभावित हुई। प्रशासन ने तुरंत मशीनें बदलकर मतदान पुनः शुरू कराया। - वार्ड 31 में विधायक पुरंदर मिश्रा का सादगी भरा अंदाज:
विधायक पुरंदर मिश्रा अपनी पत्नी के साथ ऑटो रिक्शा में मतदान करने पहुंचे, जिससे उन्होंने आम जनता को मतदान के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
15 फरवरी को मतगणना, प्रत्याशियों की किस्मत का खुलेगा ताला
मतदान के बाद अब सभी की निगाहें 15 फरवरी पर टिकी हैं, जब मतगणना होगी और महापौर, अध्यक्ष और पार्षदों के भाग्य का फैसला होगा। पूरे प्रदेश में मतदान को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। प्रशासन ने शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।