छत्तीसगढ़ को चिकित्सा शिक्षा में बड़ी सौगात
रायपुर, 17 अक्टूबर 2025।
छत्तीसगढ़ के चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि दर्ज हुई है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) ने राज्य के विभिन्न शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों में एमडी-एमएस (स्नातकोत्तर) की 61 नई सीटों की स्वीकृति प्रदान की है।
आयुक्त चिकित्सा शिक्षा विभाग श्रीमती शिखा राजपूत तिवारी के अनुसार, नई स्वीकृति के बाद अब राज्य में कुल 377 शासकीय पीजी सीटें उपलब्ध हैं, जबकि पहले यह संख्या 316 थी। निजी महाविद्यालयों में वर्तमान में 186 सीटें हैं।
नए सीट वितरण का विवरण
छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान, बिलासपुर – 21 सीटें
अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, राजनांदगांव – 7 सीटें
स्व. बलिराम कश्यप स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, जगदलपुर – 8 सीटें
स्व. लखी राम अग्रवाल स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, रायगढ़ – 12 सीटें
स्व. बिसाहू दास महंत स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, कोरबा – 13 सीटें
स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस उपलब्धि पर कहा —
“छत्तीसगढ़ में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में यह ऐतिहासिक कदम है। नई पीजी सीटों से राज्य में विशेषज्ञ डॉक्टरों की संख्या बढ़ेगी और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं जनता तक पहुंचेंगी। यह मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम है।”
राज्य सरकार का मानना है कि इन नई सीटों से मेडिकल शिक्षा को मजबूती मिलेगी और शासकीय अस्पतालों में विशेषज्ञ सेवाएं और सुलभ होंगी।
