रायपुर। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की प्रचंड जीत पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने खुशी जताते हुए इसे लोकतंत्र और सुशासन की जीत बताया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि “दुनिया को लोकतंत्र की शिक्षा देने वाले बिहार का जनादेश स्पष्ट करता है कि जनता विकास, स्थिर शासन और पारदर्शिता को प्राथमिकता देती है।”
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बिहार की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर पहले से कहीं अधिक बड़ा भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि अक्सर सत्ता में रहने के बाद सरकारों को एंटी इंकम्बेंसी का सामना करना पड़ता है, लेकिन भाजपा शासित राज्यों ने इस मिथक को तोड़ दिया है। जनता की उम्मीदों पर खरा उतरकर लगातार जनसमर्थन पाया जा सकता है, और बिहार का जनादेश इसका प्रमाण है।
मुख्यमंत्री ने बिहार की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार अब और तेजी के साथ प्रदेश के विकास को नई दिशा देगी।
नितिन नबीन की ऐतिहासिक जीत पर सीएम ने दी बधाई
छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश प्रभारी और बिहार के बांकीपुर विधानसभा सीट से लगातार पांचवीं बार विजयी हुए नितिन नबीन को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हार्दिक बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह ऐतिहासिक जीत नितिन नबीन की जनसेवा, विकास कार्यों और जनता के प्रति समर्पण का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि एक ही विधानसभा क्षेत्र से लगातार पांच बार चुने जाना उनकी लोकप्रियता और संगठनात्मक क्षमता का प्रमाण है। मुख्यमंत्री साय ने नितिन नबीन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
