अंबिकापुर।
नगर निगम प्रशासन अंबिकापुर में अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करने जा रहा है। शहर की चर्चित स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. किरण भजगावली एवं उनके दंपति के मकान पर 24 दिसंबर को बुलडोजर चलाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। यह कार्रवाई नगर निगम द्वारा अवैध निर्माण को लेकर की गई लंबी जांच और नोटिस प्रक्रिया के बाद की जा रही है।
नगर निगम सूत्रों के अनुसार, डॉक्टर दंपति के मकान को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायत के बाद करीब दो साल तक जांच चली, जिसमें यह स्पष्ट हुआ कि भवन का निर्माण नियमों के विपरीत किया गया है। जांच पूरी होने के बाद नगर निगम कमिश्नर द्वारा डॉक्टर भजगावली दंपति को कई बार नोटिस जारी कर अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिए गए, लेकिन तय समय सीमा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
इसके बाद नगर निगम ने अब सीधी कार्रवाई का फैसला लिया है। कमिश्नर ने कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या विरोध की आशंका को देखते हुए एसडीएम और पुलिस प्रशासन को पत्र लिखकर सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है। तय कार्यक्रम के अनुसार 24 दिसंबर को नगर निगम की टीम मौके पर पहुंचकर अवैध हिस्से को ध्वस्त करेगी।
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिस मकान पर कार्रवाई होनी है, उसी भवन में डॉक्टर दंपति द्वारा क्लिनिक का संचालन भी किया जा रहा है। नियमों के अनुसार बिना अनुमति या नक्शा पास कराए व्यावसायिक गतिविधि संचालित करना भी गंभीर उल्लंघन है। इसी आधार पर निगम प्रशासन सख्त रुख अपनाए हुए है।
अधिकारियों का यह भी कहना है कि यदि किसी कारणवश बुलडोजर की कार्रवाई नहीं हो पाती, तो वैकल्पिक रूप से पूरी इमारत को सील करने की कार्रवाई की जा सकती है, ताकि अवैध निर्माण का उपयोग पूरी तरह रोका जा सके।
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि शहर में अवैध निर्माण पर लगाम लगाने के उद्देश्य से की जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल पूरे शहर की निगाहें 24 दिसंबर को होने वाली इस कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
