Advertisement Carousel

अमित शाह ने नवा रायपुर में किया विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण, हरियाली के साथ राष्ट्र निर्माण का संदेश

16 एकड़ में विकसित पार्क में लगाए गए 2500 से अधिक पीपल और 500 से ज्यादा स्थानीय प्रजातियों के पौधे

रायपुर, 3 नवंबर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-16 में विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहे। केंद्रीय गृह मंत्री ने पार्क परिसर में पीपल का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से निर्मित यह पार्क राष्ट्र निर्माण, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का प्रतीक बनेगा। लगभग 16 एकड़ क्षेत्र में विकसित पार्क में अब तक 2500 से अधिक पीपल तथा 500 से अधिक स्थानीय प्रजातियों के पौधे लगाए गए हैं। इस पहल के माध्यम से नवा रायपुर को ‘पीपल सिटी’ के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

लोकार्पण कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओपी चौधरी, वन मंत्री केदार कश्यप और कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

‘People for Peepal’ अभियान से जुड़ेगी जनभागीदारी

नवा रायपुर को हरित एवं पर्यावरण अनुकूल शहर बनाने के लिए ‘People for Peepal’ अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य केवल पौधरोपण करना ही नहीं, बल्कि नागरिकों को पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण के प्रति जागरूक करना भी है।

विकसित भारत संकल्प पार्क को पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता के केंद्र के रूप में तैयार किया गया है। यहां पौधरोपण के साथ उनके संरक्षण पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। पीपल के प्रति लोगों की सांस्कृतिक आस्था को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने की यह पहल शहरी विकास के साथ हरियाली के विस्तार को प्रोत्साहित करेगी।

पार्क के माध्यम से आने वाली पीढ़ियों को विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करने का लक्ष्य रखा गया है। आधुनिक शहरी अधोसंरचना के साथ प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की यह पहल नवा रायपुर के पर्यावरणीय विकास को नई दिशा देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!