प्रादेशिक पत्रकार सम्मेलन में तथ्यपरक और जिम्मेदार पत्रकारिता पर जोर, पत्रकार भवन के लिए भूमि और निर्माण में सहयोग का भरोसा
बिलासपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि पत्रकार जनसमस्याओं की आवाज बनकर समाज को दिशा देते हैं। दूरस्थ अंचलों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने और उनके समाधान का मार्ग प्रशस्त करने में पत्रकारों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने पत्रकारों से समाचारों के प्रकाशन और प्रसारण से पहले तथ्यों की पुष्टि करने तथा खबरों के सामाजिक प्रभाव को ध्यान में रखने का आह्वान किया।
श्री साव शुक्रवार को बिलासपुर के स्वर्गीय लखीराम अग्रवाल ऑडिटोरियम में छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रादेशिक पत्रकार सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। सम्मेलन में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, संघ के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अवस्थी और प्रदेश महासचिव विश्व दीपक राय सहित प्रदेशभर से आए पत्रकार शामिल हुए।
उप मुख्यमंत्री ने संविधान दिवस का उल्लेख करते हुए कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ जिम्मेदारी भी जुड़ी हुई है। किसी व्यक्ति से संबंधित समाचार प्रकाशित करने से पहले पूरी पड़ताल जरूरी है, क्योंकि अपुष्ट जानकारी से उसकी प्रतिष्ठा प्रभावित हो सकती है। उन्होंने पत्रकारिता को तपस्या बताते हुए कठिन परिस्थितियों में भी जनहित के मुद्दों को सामने लाने वाले पत्रकारों का अभिनंदन किया।
पत्रकार भवन के लिए भूमि आवंटन में सहयोग
पत्रकार सम्मेलन में बिलासपुर और रायपुर में पत्रकार भवन के लिए भूमि उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई। इस पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने संघ के पदाधिकारियों से दोनों शहरों में उपयुक्त भूमि चिह्नित कर खसरा नंबर और राजस्व अभिलेखों के साथ संबंधित कलेक्टर को आवेदन देने का आग्रह किया। उन्होंने भूमि आवंटन की प्रक्रिया में शासन की ओर से सहयोग का भरोसा दिलाया। साथ ही भूमि आवंटन के बाद भवन निर्माण के लिए राशि उपलब्ध कराने में भी सहयोग की बात कही।
उन्होंने बताया कि बिलासपुर की पत्रकार कॉलोनी में सड़क और नाली निर्माण के लिए भूमिपूजन हो चुका है। इन कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा कराया जाएगा।
पत्रकारिता जनसंवाद का सशक्त माध्यम
विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि पत्रकारिता नागरिकों तक आवश्यक जानकारी पहुंचाने और जनसमस्याओं से प्रशासन को अवगत कराने का सशक्त माध्यम है। समस्याओं को तथ्यपरक तरीके से सामने रखने से जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के साथ संवाद के जरिए समाधान निकालने में मदद मिलती है।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अवस्थी ने पत्रकार सुरक्षा कानून और पत्रकार बीमा योजना लागू करने, पत्रकार सम्मान निधि के नियम सरल बनाने तथा आर्थिक सहायता की राशि बढ़ाने की मांग रखी।
सम्मेलन में संघ के पदाधिकारी, प्रदेशभर से आए पत्रकार और विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में संघ के कोषाध्यक्ष अनिल पवार ने आभार व्यक्त किया।
