इन्द्रावती नदी के जंगल में जमीन के अंदर छिपाकर रखा था 3.84 किलो सोना और 24.22 लाख रुपये नकद
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। इन्द्रावती नदी के आसपास जंगल में जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए माओवादी डम्प से 3.84 किलोग्राम सोना और 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। बरामद सोने की अनुमानित कीमत 4 करोड़ 29 लाख रुपये बताई गई है। सोना और नकदी एक स्टील के डिब्बे में छिपाकर रखे गए थे।
पुलिस के अनुसार, 27 नवंबर को थाना भैरमगढ़ क्षेत्र में माओवादी डम्प छिपाए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रविन्द्र कुमार मीणा के नेतृत्व में डीआरजी, थाना भैरमगढ़ और बीडीएस की संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान चलाया।
थाने से करीब 8 से 10 किलोमीटर दूर इन्द्रावती नदी के पास चिन्हित स्थान पर तलाशी के दौरान बीडीएस टीम ने जमीन के अंदर दबाकर रखा गया स्टील का डिब्बा बरामद किया। डिब्बे में 10-10 तोला वजन के 33 सोने के बिस्किट मिले, जिनका कुल वजन 330 तोला यानी 3.84 किलोग्राम बताया गया है। इसके अलावा टेप से लिपटे पैकेट में 500 रुपये के नोटों के रूप में 24,22,500 रुपये नकद मिले।
बरामद सोने और नकदी के संबंध में थाना भैरमगढ़ में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा और सीआरपीएफ के संयुक्त अभियान के तहत बीजापुर जिले के विभिन्न स्थानों से अब तक माओवादी डम्प से 8 करोड़ 24 लाख 33 हजार 300 रुपये नकद और 12.34 किलोग्राम सोना बरामद किया जा चुका है।
