Advertisement Carousel

छत्तीसगढ़ की पहली स्मार्ट सड़क, ग्रीन फुटपाथ में हरियाली पर फोकस, ‘ग्रीन रोड’ की होगी ये खासियत

रायपुर /  स्मार्ट सिटी रायपुर में प्रदेश की पहली स्मार्ट सड़क बनाने का काम शुरू हो गया है. राजधानी के महाराज बंध तालाब के पास 600 मीटर लंबी स्मार्ट रोड बनाई जा रही है और अगर ये प्रयोग सफल होता है तो शहर में इसी तरह के स्मार्ट रोड तैयार किए जाएंगे. राजधानी की इस पहली स्मार्ट सड़क में ग्रीन फुटपाथ में हरियाली पर फोकस किया जाएगा. छायादार पेड़-पौधों के साथ लोगों के बैठने की भी व्यवस्था होगी. साथ ही साइकिल ट्रैक भी यहां बनाया जा रहा है. इतना ही नहीं स्मार्ट टॉयलेट, इमरजेंसी कॉल बॉक्स की सुविधा होगी और साथ ही नाली की निकासी, पानी की सप्लाई लाइन, बिजली के तार जैसी तमाम चीजें भी अंडरग्राउंड होंगी.

दो साल पहले रायपुर स्मार्ट सिटी कंपनी लिमिटेड ने शहर के एबीडी एरिया में करीब 400 करोड़ के स्मार्ट रोड का प्लान बनाया था जिसे कई बार बदला गया. लेकिन फिर भी ये प्लान केवल कागज़ों में ही सिमट कर रह गया और राजधानी में एक इंच भी स्मार्ट सड़क नहीं बन पाई. फिर स्मार्ट सिटी ने इस प्लान को ही ड्राप कर दिया लेकिन अब फिर एक बार प्रयोग के तौर पर ये प्लान लाया गया है. महाराज बंध तालाब में सौंदर्यीकरण के काम के साथ साढ़े तीन करोड़ में स्मार्ट सड़क बनेगी जिसमें पब्लिक यूटिलिटी से जुड़ी तमाम सुविधाएं भी रहेंगी. साथ ही महाराजबंध तालाब का लेक-व्यू इसे और भी खूबसूरत बनाएगा. यहां तालाब के किनारे बड़े छायादार पौधे लगाने का काम पहले ही शुरू कर दिया गया था और सड़क तैयार होते तक ये पौधे पेड़ का रूप लेने लगेंगे. इसके अलावा छत्तीसगढ़ की संस्कृति से जुड़ी चीज़ों को भी सौंदर्यीकरण में शामिल किया जाएगा.

बताया जा रहा है कि 6 महीने के भीतर ही स्मार्ट रोड का काम पूरा हो जाएगा और छत्तीसगढ़ का पहला मॉडल स्मार्ट रोड का प्रयोग सफल होने पर बाकी सड़कों को भी इसी तरह से स्मार्ट बनाया जाएगा. स्मार्ट सिटी जीएम एसके सुंदरानी ने बताया कि राजधानी के पहले मॉडल स्मार्ट रोड का काम शुरू हो चुका है जिसमें सबसे पहले पैदल चलने वालों की सुविधा का ध्यान रखा गया है. उसके बाद साइकिल फिर दुपहिया वाहनों और उसके बाद कार चलाने वालों को सुविधाएं मिलेंगी. हालांकि आम सड़क से ये कई मायनों में अलग होगा जहां जनता से जुड़ी सुविधाओं पर खास ध्यान दिया जा रहा है.

error: Content is protected !!