Advertisement Carousel

न्यू बस स्टैंड से 12.9 किलो गांजा जब्त, 5 आरोपी गिरफ्तार


रायपुर। शहर के न्यू बस स्टैंड भाठागांव में पुलिस ने सूखे नशे के अंतर्राज्यीय नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 12.938 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस मामले में कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। जप्त गांजा की अनुमानित कीमत करीब 6.50 लाख रुपये बताई जा रही है।


पुलिस उपायुक्त पश्चिम जोन संदीप कुमार पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन एवं सहायक पुलिस आयुक्त नवनीत पाटिल के नेतृत्व में थाना टिकरापारा पुलिस ने न्यू बस स्टैंड भाठागांव में संदिग्ध यात्रियों की सघन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान दो अलग-अलग मामलों में गांजा बरामद किया गया।


पहले मामले में 9 फरवरी को दोपहर 12 बजे एक महिला एवं दो पुरुष यात्रियों को संदेह के आधार पर रोका गया। उनके बैग की तलाशी में कुल 5.938 किलोग्राम गांजा मिला। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम पिंकी हरिजन (22 वर्ष), क्षितिज प्रताप सिंह (22 वर्ष) एवं एक विधि से संघर्षरत बालक बताए। मेमोरेंडम के आधार पर चौथे आरोपी रामकृष्ण तिवारी (29 वर्ष) की भी संलिप्तता सामने आने पर उसे भी गिरफ्तार किया गया।


दूसरे मामले में उसी दिन शाम 5.15 बजे एक यात्री अरुण जाल (37 वर्ष), निवासी संबलपुर (ओडिशा) के ट्रॉली बैग से 7 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।


पुलिस ने दोनों मामलों में अपराध क्रमांक 113/26 एवं 115/26 धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस द्वारा पूरे नेटवर्क की कड़ी से कड़ी जोड़ने तथा आर्थिक लेन-देन की जांच (फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन) भी की जा रही है।

error: Content is protected !!