मनेन्द्रगढ़ सिविल अस्पताल में मरीजों का जाना हाल, डॉक्टरों को बेहतर इलाज और नियमित निगरानी के निर्देश
मनेन्द्रगढ़/रायपुर। केल्हारी बस दुर्घटना में घायल लोगों के उपचार का जायजा लेने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल अपने निजी कार्यक्रम स्थगित कर मनेन्द्रगढ़ स्थित सिविल अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने उपचाररत मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और चिकित्सकों से उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली।
स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों को निर्देश दिए कि सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और प्रत्येक मरीज की स्वास्थ्य स्थिति पर नियमित निगरानी रखी जाए।
संकट की घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ सरकार
मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार संवेदनशीलता और सेवाभाव के साथ काम कर रही है। दुर्घटना से प्रभावित परिवारों के साथ सरकार खड़ी है और घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
मृतकों के परिजनों के प्रति जताई संवेदना
उल्लेखनीय है कि केल्हारी में हुई बस दुर्घटना में कई लोगों की मौत हुई थी, जबकि अनेक लोग घायल हुए थे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की थी।
स्वास्थ्य मंत्री ने दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए चिकित्सकों से उनके उपचार में पूरी गंभीरता बरतने को कहा।
