रायपुर से नागपुर जा रहा था वाहन, चेकिंग के दौरान पुलिस के हाथ लगी बड़ी रकम; नकदी के स्रोत और मालिकाना हक की जांच जारी
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो मैक्स पिकअप वाहन से करीब 4 करोड़ रुपये की नकदी बरामद की है। बताया जा रहा है कि इतनी बड़ी रकम को पुलिस की नजरों से बचाने के लिए वाहन के पिछले हिस्से में गुप्त चेंबर बनाया गया था। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने इस नकदी का खुलासा किया। मामले में वाहन सवार दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
वाहन के पिछले हिस्से में बनाया था गुप्त चेंबर
जानकारी के मुताबिक, कार्रवाई खुर्सीपार थाना क्षेत्र के डबरापारा में की गई। पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी, तभी रायपुर से नागपुर की ओर जा रही बोलेरो मैक्स पिकअप को रोककर जांच की गई। जांच के दौरान वाहन के पिछले हिस्से में बदलाव किए जाने की बात सामने आई। गहन तलाशी लेने पर वहां बनाए गए गुप्त चेंबर से करीब 4 करोड़ रुपये की नकदी बरामद हुई।
दो लोग हिरासत में, पूछताछ जारी
पुलिस ने वाहन में सवार भवेशभाई जीनाभाई डाभी और विष्णुदेव दुबे को हिरासत में लिया है। दोनों से बरामद रकम के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी नकदी कहां से लाई गई थी, इसका वास्तविक मालिक कौन है और इसे नागपुर ले जाने का उद्देश्य क्या था।
आयकर विभाग को दी जा रही सूचना
मामले की गंभीरता को देखते हुए आयकर विभाग को भी सूचना दी जा रही है। पुलिस नकदी के स्रोत, स्वामित्व और परिवहन से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। फिलहाल बरामद रकम को लेकर वैधानिक कार्रवाई जारी है।
कई सवालों के जवाब तलाश रही पुलिस
पिकअप वाहन में गुप्त चेंबर बनाकर इतनी बड़ी रकम ले जाने का मामला सामने आने के बाद जांच का दायरा बढ़ गया है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नकदी के परिवहन के पीछे क्या उद्देश्य था और इस मामले में अन्य लोगों की कोई भूमिका है या नहीं। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
