Advertisement Carousel

तपकरा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया संध्या अर्घ्य, छठ घाट निर्माण की घोषणा

दराखारिका में 4 करोड़ की लागत से बनेगा छठ घाट, कुनकुरी में 5 करोड़ से घाट का हो चुका है सौंदर्यीकरण

रायपुर, 15 नवंबर। छठ महापर्व के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जशपुर जिले के तपकरा में आयोजित छठ पूजा कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अस्ताचलगामी भगवान सूर्यदेव को संध्या अर्घ्य अर्पित कर छठी मैया से प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और कल्याण की कामना की। उन्होंने श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए इसे लोक आस्था, तपस्या और समर्पण का अनुपम पर्व बताया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने तपकरा में छठ घाट निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र में छठ महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं की गहरी आस्था है। व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए कुनकुरी में 5 करोड़ रुपये की लागत से छठ घाट का सौंदर्यीकरण किया गया है। वहीं, दराखारिका में 4 करोड़ रुपये की लागत से नए छठ घाट का निर्माण कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व हमें प्रकृति, जल और सूर्यदेव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की प्रेरणा देता है। यह पर्व सामाजिक एकता, श्रद्धा और समर्पण का संदेश भी देता है। छठ व्रतियों की आस्था और सुविधाओं का सम्मान करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर मनाए जा रहे जनजातीय गौरव दिवस की भी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में श्रीमती कौशल्या साय, जनपद अध्यक्ष श्रीमती हेमन्ती साय, श्री भरत साय सहित अन्य जनप्रतिनिधि, छठ व्रती महिलाएं और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!