Advertisement Carousel

पांच दशक से आस्था का गवाह है रायपुर का नरैया तालाब, चार पीढ़ियों के साथ आज भी छठ पूजा करने पहुंचती हैं 85 वर्षीय लखपति बाई

कभी टॉर्च की रोशनी में अंधेरे रास्तों से घाट तक पहुंचती थीं व्रती महिलाएं, आज हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में सजे घाट पर हुआ संध्या अर्घ्य

रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा स्थित नरैया तालाब में छठ महापर्व की अनूठी आस्था और परंपरा देखने को मिली। शहर के सबसे पुराने छठ पूजा स्थलों में शामिल इस तालाब में पिछले करीब पांच दशकों से छठ पूजा की जा रही है। रविवार को हजारों की संख्या में छठ व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। सजे हुए घाट, रोशनी और श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच पूरा परिसर छठी मैया के जयकारों से गूंज उठा।

इस आयोजन के बीच 85 वर्षीय लखपति बाई दुबे की कहानी ने सभी का ध्यान खींचा। नरैया तालाब में शुरुआती दौर से छठ पूजा करने वाली लखपति बाई ने करीब 50 साल पुरानी यादें साझा करते हुए बताया कि उस समय छठ पूजा करना कितना कठिन होता था। उनके पति पुलिस विभाग में नौकरी करते थे और परिवार पुलिस लाइन के सरकारी क्वार्टर में रहता था। वह अकेले ही बच्चों को लेकर नरैया तालाब पहुंचती थीं। शाम और सुबह घाट जाने के दौरान चारों ओर घना अंधेरा रहता था। हाथ में टॉर्च लेकर तालाब तक पहुंचना पड़ता था।

वह भावुक होकर बताती हैं कि उस समय घाट भी नहीं बने थे। तालाब के किनारे पूजा करते वक्त मछलियां पानी से बाहर आ जाती थीं और पूजा के सूप को उनसे बचाना भी एक चुनौती होती थी। आज समय बदल गया है, घाट सज गए हैं और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं, लेकिन उनकी आस्था आज भी वैसी ही बनी हुई है।

लखपति बाई ने भावुक होकर कहा कि उन्होंने आज तक छठ पूजा के लिए उत्तर प्रदेश या बिहार जाने की जरूरत महसूस नहीं की। छत्तीसगढ़ महतारी की गोद में ही जीवन बिताया है और इसी धरती पर रहकर जीवन की खुशियां पाई हैं। वह यहीं की मिट्टी में समाना चाहती हैं। उनके मुताबिक छत्तीसगढ़ से सुंदर और सुकून देने वाली जगह दुनिया में कहीं नहीं है। खास बात यह है कि वह आज भी अपनी चार पीढ़ियों को साथ लेकर छठ घाट पहुंचती हैं।

पांच दशक पुरानी परंपरा, आज भी कायम है आस्था

नरैया तालाब छठ महापर्व आयोजन समिति के वीरेंद्र दुबे ने बताया कि इस तालाब में करीब पांच दशकों से छठ पूजा की परंपरा चली आ रही है। उस दौर में जब शहर में मुख्य रूप से आमा तालाब और व्यास तालाब में छठ पूजा होती थी, तभी से नरैया तालाब में भी व्रती महिलाएं सूर्य उपासना का यह महापर्व मनाती आ रही हैं।

उन्होंने बताया कि आयोजन की तैयारियों में रायपुर नगर निगम का लगातार सहयोग मिलता है। घाट की साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए निगम प्रशासन तथा समिति के सदस्य मिलकर प्रयास करते हैं। इस बार घाट पर स्वागत द्वार, रोशनी, टेंट और भंडारे की व्यवस्था की गई। आयोजन समिति ने साफ-सफाई के लिए नगर निगम और सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन का आभार जताया।

उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ होगा समापन

चार दिवसीय छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार को व्रतियों ने संध्या अर्घ्य दिया। सोमवार, 16 नवंबर की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इसके बाद नरैया तालाब छठ घाट पर भंडारे का आयोजन होगा और पारंपरिक विधि-विधान के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!