श्यामतराई नाका पर पुलिस की घेराबंदी में दो कारों से मिली गांजे की खेप, टाटा नैनो और स्विफ्ट डिजायर समेत 72 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
धमतरी। जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के पांच अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 131 किलो 668 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो कारों, पांच मोबाइल फोन सहित करीब 72 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, श्यामतराई नाका पर घेराबंदी कर यह कार्रवाई की गई। जांच के दौरान दो कारों से गांजे की बड़ी खेप बरामद हुई। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर महाराष्ट्र जा रहे थे।
यह कार्रवाई साइबर थाना और अर्जुनी पुलिस की संयुक्त टीम ने की। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत तस्करों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने श्यामतराई नाका पर घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 131 किलो 668 ग्राम गांजा, टाटा नैनो और स्विफ्ट डिजायर कार तथा पांच मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 72 लाख रुपये बताई गई है। मामले में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
