सक्ती में तालाब बना सवालों का समंदर!
सक्ती। कानून की रखवाली करने वालों की कार्रवाई पर ही जब सवाल उठने लगें, तो मामला केवल एक युवक की मौत तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरे सिस्टम की जवाबदेही का मुद्दा बन जाता है। सक्ती जिले के डोमाडीह गांव में 38 वर्षीय महेश केंवट की तालाब में डूबने से हुई मौत ने पुलिस की कार्यप्रणाली को कटघरे में खड़ा कर दिया है। तीन दिन तक लापता रहे महेश का शव तालाब से बरामद होने के बाद गांव में मातम के साथ आक्रोश भी गहरा गया है।
मामले में हसौद थाना के प्रशिक्षु उप निरीक्षक जयराम साहू को एसपी ने निलंबित कर पुलिस लाइन अटैच कर दिया है। अब सवाल यह है कि क्या निलंबन ही इस गंभीर मामले का जवाब है, या फिर जांच की आंच उन सभी तथ्यों तक पहुंचेगी, जिनकी चर्चा ग्रामीण कर रहे हैं?
परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि 22 नवंबर की रात जुआ पकड़ने के नाम पर गांव पहुंचे पुलिसकर्मियों ने मारपीट और अवैध वसूली की। उनका दावा है कि महेश केंवट के साथ भी मारपीट हुई और वह डरकर तालाब में कूद गया। ग्रामीणों ने दबिश के दौरान कुछ लोगों के चेहरे पर पट्टी और वाहनों की नंबर प्लेट ढकी होने के आरोप भी लगाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस के अनुसार, जुआ खेलने की सूचना पर प्रशिक्षु उप निरीक्षक गांव पहुंचे थे। पुलिस वाहन देखकर कुछ लोग भागने लगे और इसी दौरान एक व्यक्ति के तालाब में कूदने की जानकारी मिली। एसपी ने मामले को गंभीर लापरवाही मानते हुए कार्रवाई की है। जांच की जिम्मेदारी एसडीओपी डभरा/चंद्रपुर को सौंपी गई है।
लेकिन इस कार्रवाई के बीच कुछ सवाल अब भी तालाब की सतह पर तैर रहे हैं। अगर दबिश नियमानुसार थी, तो वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना क्यों नहीं दी गई? अगर कोई युवक तालाब में कूदा, तो तत्काल बचाव और सूचना की व्यवस्था क्या थी? और ग्रामीणों के आरोपों की जांच कौन करेगा, ताकि सच सामने आए और दोषी बच न सकें?
महेश की पत्नी ने हत्या की एफआईआर दर्ज करने, एक करोड़ रुपये मुआवजा देने और वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में कार्रवाई कराने की मांग की है। महेश अपने पीछे 13, 7 और 3 वर्ष की तीन बेटियां छोड़ गया है। उनके लिए पिता की मौत सिर्फ एक खबर नहीं, बल्कि जिंदगी भर का खालीपन है।
अब पुलिस लाइन में निलंबन की कार्रवाई हो चुकी है, लेकिन जनता की अदालत में सवाल अभी बाकी हैं। जांच निष्पक्ष हुई तो सच सामने आएगा; और यदि जांच केवल कागजों तक सीमित रही, तो डोमाडीह का यह तालाब पुलिस व्यवस्था पर उठे सवालों का प्रतीक बना रहेगा।
