Advertisement Carousel

8 से 10 जनवरी तक ‘युवा भारत’ थीम पर होगा तीन दिवसीय आयोजन, मुख्यमंत्री साय ने किया प्रतीक चिह्न का अनावरण

रायपुर साहित्य उत्सव से छत्तीसगढ़ की साहित्यिक विरासत को मिलेगा राष्ट्रीय मंच

रायपुर। छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं, साहित्यिक विरासत और सांस्कृतिक पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाने की दिशा में रायपुर साहित्य उत्सव एक बार फिर नई उम्मीद लेकर आ रहा है। राजधानी में 8 से 10 जनवरी 2027 तक आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय साहित्यिक महाकुंभ की थीम इस बार ‘युवा भारत’ रखी गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास में वरिष्ठ साहित्यकारों की मौजूदगी में उत्सव के प्रतीक चिह्न का अनावरण और पोस्टर विमोचन कर आयोजन की औपचारिक घोषणा की।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की भाषाओं, बोलियों, लोकगीतों, लोककथाओं और साहित्य में प्रदेश की सामाजिक चेतना तथा सांस्कृतिक जीवन की गहरी झलक मिलती है। रायपुर साहित्य उत्सव इस समृद्ध विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के साथ नई पीढ़ी को साहित्य से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनेगा।

उन्होंने कहा कि गत वर्ष राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष में आयोजित साहित्य उत्सव को साहित्यकारों और आयोजन समिति के सहयोग से व्यापक सराहना मिली थी। इस बार आयोजन को और भव्य, व्यापक तथा गरिमामय स्वरूप देने का प्रयास किया जाएगा, ताकि रायपुर साहित्य उत्सव देश के प्रमुख साहित्यिक आयोजनों में अपनी अलग पहचान बना सके।

जनजातीय भाषाओं और लोक साहित्य पर रहेगा विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने गोंडी, हल्बी, कुड़ुख और सादरी सहित छत्तीसगढ़ की जनजातीय भाषाओं और बोलियों के संरक्षण-संवर्धन को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि इन भाषाओं में पीढ़ियों से संचित लोकज्ञान, परंपराएं और साहित्य की अमूल्य धरोहर मौजूद है। इनके दस्तावेजीकरण और संरक्षण से सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाया जा सकेगा।

युवा रचनाकारों को मिलेगा अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर

‘युवा भारत’ थीम के माध्यम से उत्सव में युवाओं की रचनात्मक ऊर्जा, विचारों की विविधता और साहित्यिक अभिव्यक्ति को प्रमुखता दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा रचनाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और स्थापित साहित्यकारों से संवाद करने के अवसर मिलने चाहिए। गत वर्ष आयोजित कवि सम्मेलन प्रतियोगिताओं की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रतिभाओं की कमी नहीं, जरूरत उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन देने की है।

इस अवसर पर वरिष्ठ साहित्यकारों ने पिछले आयोजन के अनुभव साझा किए और आगामी उत्सव को अधिक प्रभावशाली बनाने के सुझाव दिए। उन्होंने साहित्य, कला और संस्कृति को प्रोत्साहन देने की राज्य सरकार की पहल की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि साहित्यकारों, रचनाकारों और आयोजन समिति के सामूहिक प्रयासों से रायपुर साहित्य उत्सव छत्तीसगढ़ की साहित्यिक एवं सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!