नई दिल्ली. क्रिकेट के महाकुंभ टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सबसे बड़ा मुकाबला अब करीब है. रविवार, 8 मार्च को दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड की टीमें आमने-सामने होंगी. लेकिन इस ‘करो या मरो’ वाले मुकाबले से पहले भारतीय खेमे में बड़े बदलाव की सुगबुगाहट तेज हो गई है.
खबर है कि टीम मैनेजमेंट खराब फॉर्म से जूझ रहे अभिषेक शर्मा को बाहर बैठाकर प्लेइंग इलेवन में एक बड़ा दांव खेलने की तैयारी में है. दुनिया के नंबर-1 टी20 बल्लेबाज माने जाने वाले अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) के लिए यह वर्ल्ड कप किसी बुरे सपने जैसा रहा है. टूर्नामेंट के 7 मैचों में वह महज 89 रन ही बना सके हैं. सेमीफाइनल जैसे बड़े मंच पर भी इंग्लैंड के खिलाफ उनके बल्ले से सिर्फ 9 रन निकले. ऐसे में कप्तान सूर्यकुमार यादव फाइनल जैसे निर्णायक मैच में किसी ‘आउट-ऑफ-फॉर्म’ खिलाड़ी के साथ जोखिम नहीं उठाना चाहेंगे.
अगर अभिषेक बाहर होते हैं, तो पारी की शुरुआत ईशान किशन करेंगे. ईशान ने इस टूर्नामेंट में बतौर ओपनर दो शानदार अर्धशतक जड़े हैं और वह संजू सैमसन के साथ मिलकर टीम को आक्रामक शुरुआत देने में सक्षम हैं.
