Advertisement Carousel

शराब बिक्री का नया रिकॉर्ड – होली पर छलका जाम, रायपुर में 58 करोड़ की शराब खप गई…

रायपुर। रंग और उल्लास के पर्व होली पर इस बार राजधानी रायपुर में जश्न के साथ-साथ शराब की भी जमकर खपत हुई। आबकारी विभाग के आंकड़ों के अनुसार होली के दौरान महज चार दिनों में जिले में 58 करोड़ रुपए से ज्यादा की शराब बिक गई। यह आंकड़ा पिछले साल की तुलना में करीब 91 लाख रुपए ज्यादा है, जिससे इस बार होली पर शराब बिक्री का नया रिकॉर्ड बन गया।

जानकारी के मुताबिक यह आंकड़ा होली से तीन दिन पहले और त्योहार के एक दिन बाद की बिक्री को मिलाकर सामने आया है। त्योहार के माहौल में लोगों ने जमकर जश्न मनाया और शराब की दुकानों पर भारी भीड़ देखने को मिली। राजधानी में अंग्रेजी शराब की मांग भी काफी बढ़ी रही।

हालांकि जश्न के इस माहौल के बीच कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल भी खड़े हो गए। होली के दिन शहर में नशे के कारण हिंसा और अपराध की कई घटनाएं सामने आईं। अलग-अलग इलाकों में चार लोगों की हत्या कर दी गई, जबकि 16 से ज्यादा चाकूबाजी की घटनाओं ने शहर को दहला दिया।

इतना ही नहीं, कई जगहों पर पुलिस के साथ झूमाझटकी की स्थिति बनी और कुछ मामलों में पुलिसकर्मियों की वर्दी तक फाड़ दी गई। महिलाओं के साथ अभद्रता की शिकायतें भी सामने आईं, जिससे त्योहार की खुशियों पर दाग लग गया।

होली के रंगों के बीच बढ़ती शराबखोरी और उससे उपजे अपराध अब प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनते जा रहे हैं। सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या त्योहारों के दौरान शराब की बिक्री और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर और सख्त कदम उठाने की जरूरत है।

error: Content is protected !!