दुर्ग। छत्तीसगढ़ में पहली बार इतने बड़े पैमाने पर अवैध अफीम की खेती का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दुर्ग जिले के समोदा गांव में पुलिस और जिला प्रशासन ने करीब साढ़े 9 एकड़ जमीन पर लहलहाती अफीम की फसल का खुलासा किया है। खेत में खड़ी अफीम की फसल देखकर पुलिस और प्रशासन की टीम भी हैरान रह गई। मामले में संदेह के आधार पर भाजपा नेता विनायक ताम्रकार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, वहीं राजस्थान के दो मजदूरों को भी पकड़ा गया है।
जानकारी के मुताबिक शिवनाथ नदी के किनारे स्थित खेत में अफीम की खेती को छिपाने के लिए चारों ओर बाउंड्री और गेट लगाया गया था। इतना ही नहीं, खेत की सुरक्षा के लिए बाउंसर तक तैनात किए गए थे। अफीम के पौधों को छिपाने के लिए खेत में मक्का, पपीता और केला जैसी फसलों के बीच पौधे लगाए गए थे ताकि बाहर से यह सामान्य खेती जैसा लगे।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि अफीम के पौधों में गोल फल आ चुके थे, जिन पर चीरा लगाने से सफेद द्रव निकलता है, जिसे सुखाकर अफीम तैयार की जाती है। बताया जा रहा है कि करीब तीन दिन पहले ही अफीम के फल कंटेनर के जरिए कहीं और भेज दिए गए थे, जिससे इस पूरे नेटवर्क के बड़े होने की आशंका जताई जा रही है।
इस पूरे मामले का खुलासा बेहद चौंकाने वाले तरीके से हुआ। होली के दिन गांव के बच्चों ने खेत में लगे पौधों की फोटो खींचकर व्हाट्सएप ग्रुप में डाल दी। फोटो देखकर सरपंच अरुण गौतम को शक हुआ। उन्होंने गूगल पर फोटो का मिलान किया तो अफीम की खेती होने का अंदेशा हुआ। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और खेत की नाप-जोख कराई, जिसमें करीब साढ़े 9 एकड़ जमीन पर अफीम की खेती की पुष्टि हुई। फोरेंसिक टीम और वनस्पति विशेषज्ञों की मदद से पौधों के नमूने लेकर जांच की जा रही है।
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया है कि खेती के लिए मध्यप्रदेश के खंडवा से मजदूर बुलाए गए थे, जबकि कपास की खेती के लिए राजस्थान के मजदूर लगाए गए थे। ग्रामीणों का दावा है कि इस खेत में पिछले चार वर्षों से अफीम की खेती की जा रही थी, लेकिन किसी को इसकी भनक नहीं लग सकी।
दुर्ग एएसपी मणि शंकर चंद्रा ने बताया कि यह बेहद गंभीर मामला है और इसमें शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। जमीन प्रीति बाला और मधुमति ताम्रकार के नाम पर दर्ज है, जबकि खेती का संचालन विनायक, विमल और ब्रजेश ताम्रकार द्वारा किए जाने की जानकारी सामने आई है।
इस बड़े खुलासे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और मामला अब सियासी तूल भी पकड़ता नजर आ रहा है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और जल्द ही और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
