मनेंद्रगढ़ के 220 बिस्तर सिविल अस्पताल और परसगढ़ी मेडिकल कॉलेज का किया निरीक्षण, अधिकारियों को समय-सीमा में काम पूरा करने के सख्त निर्देश
मनेंद्रगढ़। एमसीबी जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर सरकार गंभीर नजर आ रही है। स्वास्थ्य मंत्री एवं मनेंद्रगढ़ विधायक श्याम बिहारी जायसवाल ने मंगलवार को जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ पहुंचकर 220 बिस्तर वाले सिविल अस्पताल और परसगढ़ी में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिए कि काम में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंत्री जायसवाल ने सबसे पहले मनेंद्रगढ़ स्थित 220 बिस्तर सिविल अस्पताल पहुंचकर निर्माण कार्यों और उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद वे परसगढ़ी स्थित निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां उन्होंने अधिकारियों और इंजीनियरों से अब तक पूर्ण हुए कार्यों, शेष निर्माण तथा परियोजना की समय-सीमा की जानकारी ली।
निर्माण में लापरवाही पर सख्त रुख
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों, इंजीनियरों और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि सभी तकनीकी मानकों का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए। कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के साथ ही आपसी समन्वय बनाकर निर्माण निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए। मंत्री ने स्पष्ट किया कि अनावश्यक देरी और गुणवत्ता में कमी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं होगी।
मेडिकल कॉलेज से बदलेगी क्षेत्र की स्वास्थ्य तस्वीर
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि परसगढ़ी में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज केवल एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि एमसीबी जिले और आसपास के क्षेत्रों के लिए चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की महत्वपूर्ण पहल है। मेडिकल कॉलेज शुरू होने से विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे, वहीं क्षेत्र के नागरिकों को उन्नत स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज के संचालन से स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी और मरीजों को इलाज के लिए दूर-दराज के बड़े शहरों पर निर्भरता कम करनी पड़ेगी।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में आने वाली तकनीकी और प्रशासनिक बाधाओं का तत्काल निराकरण किया जाए, ताकि परियोजनाओं को जल्द पूरा कर क्षेत्रवासियों को इसका लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान सीजीएमएससी छत्तीसगढ़ के एमडी रितेश अग्रवाल सहित प्रशासनिक अधिकारी, विभागीय अधिकारी, इंजीनियर और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
