त्योहारी भीड़ से मिलेगी राहत, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 4 प्रमुख रूटों पर विशेष ट्रेनों के संचालन का किया ऐलान
रायपुर। छठ पूजा के पावन अवसर पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने राहत भरी पहल की है। त्योहारी सीजन में ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा विभिन्न प्रमुख रूटों पर स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा। बिलासपुर-छपरा, दुर्ग-हजरत निजामुद्दीन, दुर्ग-बरौनी और गोंदिया-पटना मार्गों पर चलने वाली इन विशेष ट्रेनों से यात्रियों को अतिरिक्त सीट और बर्थ की सुविधा मिलेगी। रेलवे की इस पहल से छठ पर्व पर अपने घर पहुंचने वाले यात्रियों की यात्रा अधिक सुगम और आरामदायक होने की उम्मीद है।
इन तारीखों पर चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अनुसार, विशेष ट्रेनों का परिचालन निर्धारित तिथियों पर किया जाएगा।
- बिलासपुर-छपरा स्पेशल (08255): 14 और 21 नवंबर 2026 को बिलासपुर से रवाना होगी।
- दुर्ग-हजरत निजामुद्दीन स्पेशल (08751): 15 नवंबर 2026 को दुर्ग से रवाना होगी।
- दुर्ग-बरौनी स्पेशल (08755): 11 और 18 नवंबर 2026 को दुर्ग से रवाना होगी।
- गोंदिया-पटना स्पेशल (08895): 13 और 20 नवंबर 2026 को गोंदिया से रवाना होगी।
यात्रियों को मिलेगी अतिरिक्त सुविधा
छठ पूजा और त्योहारी सीजन के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए इन विशेष रेल सेवाओं का संचालन किया जा रहा है। अतिरिक्त ट्रेनों के चलने से नियमित ट्रेनों में यात्रियों का दबाव कम होगा और लोगों को कंफर्म सीट या बर्थ मिलने की संभावना बढ़ेगी।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे ट्रेनों के परिचालन समय, ठहराव और सीटों की उपलब्धता की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, एनटीईएस तथा रेलवन ऐप के माध्यम से प्राप्त करें।
