Advertisement Carousel

स्वच्छता सर्वेक्षण में छत्तीसगढ़ की हैट्रिक, बिल्हा देश में अव्वल

बिल्हा ने 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में हासिल किया पहला स्थान, बिलासपुर को राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा और रायपुर को राज्य में प्रथम पुरस्कार

रायपुर, 11 नवंबर। स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। बिलासपुर जिले की नगर पंचायत बिल्हा ने 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देश में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं, बिलासपुर को ‘स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन’ श्रेणी में दूसरा स्थान और रायपुर नगर निगम को स्वच्छता के क्षेत्र में राज्य में प्रथम पुरस्कार मिला है।

बुधवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने तीनों निकायों की ओर से पुरस्कार ग्रहण किए। इस दौरान केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रदेशवासियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्वच्छता कर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ये पुरस्कार शहरों में स्वच्छता के प्रति बढ़ती जागरूकता और सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं। सरकार का लक्ष्य केवल रैंकिंग में आगे बढ़ना नहीं, बल्कि स्वच्छता को नागरिकों की आदत और शहरों की पहचान बनाना है।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि राष्ट्रीय सम्मान नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्वच्छता कर्मियों और नागरिकों के साझा प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने विशेष रूप से बिल्हा की उपलब्धि का उल्लेख करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद बेहतर प्रबंधन और जनसहभागिता से छोटे शहर भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।

समारोह में रायपुर की महापौर मीनल चौबे, बिलासपुर की महापौर पूजा विधानी, बिल्हा नगर पंचायत अध्यक्ष वंदना जेंड्रे सहित नगरीय प्रशासन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!