रायपुर। राजधानी रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में 12 चक्का ट्रक चोरी की वारदात का पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 16 लाख रुपये कीमत का ट्रक बरामद कर लिया है।
जानकारी के अनुसार अमलीडीह निवासी मीना निर्मलकर ने न्यू राजेंद्र नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके नाम से पंजीकृत टाटा कंपनी का 12 चक्का ट्रक (CG 07 BC 9172) उनके पति वीरेंद्र निर्मलकर चलाते हैं। होली के कारण 2 मार्च को ट्रक को काली माता मंदिर के पास मेन रोड न्यू राजेंद्र नगर में खड़ा किया गया था।
6 मार्च की सुबह करीब 4 बजे जब ट्रक को देखने पहुंचे तो वह मौके से गायब मिला। किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा ट्रक चोरी कर ले जाने पर पुलिस ने धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त वेस्ट जोन के निर्देश पर न्यू राजेंद्र नगर पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों तथा टोल प्लाजा के फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के भागने के रास्तों की पड़ताल की।
जांच के दौरान रायपुर पुलिस ने एसीसीयू रायपुर, महासमुंद पुलिस और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की सलिहा पुलिस से समन्वय स्थापित किया। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने चोरी किए गए ट्रक के साथ दोनों आरोपियों को सलिहा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
रितेश दास उर्फ माईकल (26), निवासी शहीद राजीव पांडेय नगर बनमाली बस्ती, थाना न्यू राजेंद्र नगर रायपुर।
बजरंगी परिहार (19), निवासी शहीद राजीव पांडेय नगर आशादीप हॉस्पिटल के पीछे, थाना न्यू राजेंद्र नगर रायपुर।
पुलिस के मुताबिक आरोपी बजरंगी परिहार पहले भी चोरी के मामले में बाल संप्रेषण गृह माना में निरुद्ध रह चुका है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया 12 चक्का ट्रक जब्त कर लिया है और दोनों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
4 घंटे में ट्रक बरामद, पुलिस की त्वरित कार्रवाई
पुलिस ने ट्रक चोरी की सूचना मिलने के बाद महज चार घंटे के भीतर आरोपियों को पकड़कर वाहन बरामद कर लिया, जिसे पुलिस की तेज और समन्वित कार्रवाई माना जा रहा है।
