डिपॉजिट-14 में भूस्खलन के मामले में जवाबदेही तय करने की दिशा में कदम, 24 नवंबर को हैदराबाद मुख्यालय से जारी हुआ आदेश
दंतेवाड़ा। बैलाडीला के डिपॉजिट-14 में हुए भूस्खलन के बाद एनएमडीसी (NMDC) प्रबंधन ने बड़ी कार्रवाई की है। किरंदुल कॉम्प्लेक्स के महाप्रबंधक (GM) सुधांशु वर्मा को निलंबित कर दिया गया है। इस संबंध में 24 नवंबर को हैदराबाद स्थित एनएमडीसी मुख्यालय से आदेश जारी किया गया।
जारी आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि के दौरान सुधांशु वर्मा का मुख्यालय किरंदुल निर्धारित किया गया है। उन्हें बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर रोक लगाई गई है।
डिपॉजिट-14 में हुए भूस्खलन के बाद परियोजना की सुरक्षा व्यवस्था और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका को लेकर सवाल उठ रहे थे। एनएमडीसी की इस कार्रवाई को मामले में जवाबदेही तय करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
हालांकि, निलंबन की कार्रवाई के पीछे विस्तृत विभागीय कारणों और जांच की स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।
