Advertisement Carousel

भाजयुमो नेता ने हिडमा को बताया ‘क्रांतिकारी’, सोशल मीडिया पोस्ट से बस्तर की सियासत में उबाल

नक्सली कमांडर को बताया जल-जंगल-जमीन और पहाड़ों का रक्षक, लिखा ‘बस्तर टाइगर’; साय सरकार पर भी साधा निशाना, प्रोफाइल में सांसद महेश कश्यप के साथ तस्वीर से बढ़ी चर्चा

बस्तर। कुख्यात माओवादी कमांडर माड़वी हिडमा के एनकाउंटर के बाद अब एक सोशल मीडिया पोस्ट ने बस्तर की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) से जुड़े बताए जा रहे दीपक नाम के एक नेता ने हिडमा को ‘क्रांतिकारी’ बताते हुए उसे बस्तर के जल, जंगल, जमीन और पहाड़ों का रक्षक करार दिया है। पोस्ट में हिडमा को ‘बस्तर टाइगर’ कहकर संबोधित किए जाने के बाद राजनीतिक और सोशल मीडिया हलकों में तीखी चर्चा शुरू हो गई है।

दीपक ने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘बस्तर के जल, जंगलों, जमीन और पहाड़ों की रक्षा करने वाले दादा क्रांतिकारी माड़वी हिडमा को प्रथम पुण्यतिथि पर अंतिम जोहार।’ पोस्ट में आगे उसने हिडमा की आत्मा की शांति की कामना करते हुए उस धरती और प्राकृतिक संसाधनों का जिक्र किया, जिसके लिए उसके मुताबिक हिडमा लड़ा था।

हिडमा की मौत को खनिज संपदा से जोड़कर सरकार पर निशाना

पोस्ट का विवाद केवल हिडमा को क्रांतिकारी बताने तक सीमित नहीं है। दीपक ने अपनी टिप्पणी में हिडमा की मौत को बस्तर की खनिज संपदा और सरकार की नीतियों से भी जोड़ने की कोशिश की। उसने लिखा कि हिडमा के मरने के बाद बस्तर की खनिज संपदा साय सरकार के हाथों में पहुंच जाएगी। इसके साथ ही बस्तर के गांवों में शुद्ध पेयजल और जंगलों के बीच मिलने वाले सुकून को लेकर भी टिप्पणी की।

पोस्ट के अंत में उसने लिखा, ‘अंतिम क्रांति जोहार हमारे बस्तर टाइगर को।’ इस भाषा और संबोधन को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठने लगे हैं। खासकर ऐसे समय में जब बस्तर में माओवादी हिंसा, सुरक्षा बलों के अभियान और विकास को लेकर लगातार बहस चल रही है।

सांसद महेश कश्यप के साथ तस्वीर ने बढ़ाई राजनीतिक चर्चा

इस पूरे मामले में एक और पहलू चर्चा का विषय बना हुआ है। सोशल मीडिया पर दीपक की प्रोफाइल में भाजपा सांसद महेश कश्यप के साथ उसकी तस्वीर दिखाई दे रही है। इसी वजह से पोस्ट को लेकर भाजपा और भाजयुमो से जुड़े राजनीतिक हलकों में भी सवाल उठाए जा रहे हैं।

हालांकि, किसी जनप्रतिनिधि के साथ तस्वीर होना अपने आप में किसी पोस्ट या विचार का समर्थन साबित नहीं करता। वहीं, इस पोस्ट पर भाजयुमो अथवा भाजपा संगठन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने की जानकारी नहीं है।

संगठन की प्रतिक्रिया पर नजर

हिडमा को लेकर की गई इस टिप्पणी ने एक बार फिर बस्तर में माओवादी हिंसा, आदिवासी अधिकारों, प्राकृतिक संसाधनों और विकास के मुद्दों को राजनीतिक बहस के केंद्र में ला दिया है। अब निगाहें इस बात पर हैं कि भाजयुमो और भाजपा संगठन इस पोस्ट को लेकर क्या रुख अपनाते हैं। साथ ही यह भी स्पष्ट होना बाकी है कि पोस्ट करने वाले दीपक की संगठन में वर्तमान आधिकारिक जिम्मेदारी क्या है।

बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई के बीच एक भाजयुमो नेता की यह पोस्ट राजनीतिक और संगठनात्मक स्तर पर कई सवाल खड़े कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!