Advertisement Carousel

रायपुर में 5 दिसंबर को सजेगी हास्य और वीर रस की महफिल, दशक बाद एक मंच पर दिखेगी सुरेंद्र शर्मा-हरिओम पवार की जोड़ी

उप मुख्यमंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन में अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन-2026 का आयोजन; देशभर के आठ ख्यातिप्राप्त कवि और शायर करेंगे शब्दों की जादूगरी, रात 9 बजे से इंडोर स्टेडियम में गूंजेंगी हास्य, व्यंग्य और ओज की कविताएं

रायपुर। राजधानी रायपुर में एक बार फिर साहित्य, हास्य, व्यंग्य और वीर रस का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। आगामी 5 दिसंबर को इंडोर स्टेडियम में ‘अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन-2026’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन तथा दैनिक पत्रिका के मुख्य प्रयोजन में आयोजित इस कवि सम्मेलन को लेकर साहित्य प्रेमियों और काव्य रसिकों में उत्साह का माहौल है।

इस आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण हास्य सम्राट पद्मश्री सुरेंद्र शर्मा और वीर रस के सशक्त हस्ताक्षर डॉ. हरिओम पवार की जोड़ी होगी। दोनों लोकप्रिय कवि करीब एक दशक बाद रायपुर में एक साथ मंच साझा करेंगे। अपनी विशिष्ट काव्य शैली, धारदार व्यंग्य, चुटीले अंदाज और ओजस्वी प्रस्तुतियों के लिए प्रसिद्ध इन दोनों कवियों की मौजूदगी सम्मेलन को खास बनाएगी।

आठ कवियों की प्रस्तुतियों से सजेगी साहित्यिक शाम

कवि सम्मेलन में देश के आठ चर्चित कवि और शायर अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। कार्यक्रम का संचालन शशिकांत यादव करेंगे। हास्य के लिए शम्भू शिखर, गीत-गजल के लिए डॉ. भुवन मोहिनी, लोकप्रिय शायर एवं गीतकार स्वयं श्रीवास्तव, वीर रस के कवि मयंक शर्मा और हास्य-व्यंग्य के कवि हीरामणि वैष्णव अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

कार्यक्रम में हास्य के ठहाकों के साथ सामाजिक सरोकार, समसामयिक विषयों पर व्यंग्य, राष्ट्रभावना और प्रेम की अभिव्यक्ति से जुड़ी कविताओं का भी आनंद मिलेगा।

रात 9 बजे से होगा आयोजन

5 दिसंबर 2026 को रात 9 बजे से रायपुर के इंडोर स्टेडियम में कवि सम्मेलन आयोजित होगा। आयोजकों ने साहित्य प्रेमियों, युवाओं और शहरवासियों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।

प्रवेश पास के लिए पत्रिका कार्यालय, हर्षित कॉर्पोरेट, आमानाका के अलावा देवेन्द्र पटेल (96173 13000), चंद्रशेखर शर्मा (98274 92708) और ईशान शर्मा (97525 24652) से संपर्क किया जा सकता है। कार्यक्रम के संयोजक वीरेंद्र दुबे (9425294444) हैं।

हास्य, व्यंग्य, गीत, गजल और वीर रस की प्रस्तुतियों से सजी यह काव्य संध्या रायपुर के सांस्कृतिक आयोजनों में एक यादगार शाम बनने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!