पंकज सोमानी का सफल कार्यकाल संपन्न, कवित पसारी संभालेंगे वर्ष 2027 की कमान; वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने करीब 350 उद्यमियों को किया संबोधित, युवा शक्ति को प्रदेश के औद्योगिक विकास से जुड़ने का दिया संदेश
रायपुर, 28 नवंबर। युवा नेतृत्व, सामाजिक सरोकार और उद्यमिता को नई दिशा देने के संकल्प के साथ यंग इंडियंस (Yi) रायपुर का वार्षिक समारोह ‘द एनुअल सोइरी 2026’ भव्य रूप से संपन्न हुआ। समारोह में वर्षभर की उपलब्धियों का उत्सव मनाने के साथ संगठन के नए नेतृत्व की घोषणा भी की गई। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी, Yi ईस्टर्न रीजन चेयर आलोक अग्रवाल और CII के पूर्व चेयर संजय जैन सहित उद्योग जगत की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।
समारोह का प्रमुख आकर्षण वित्त मंत्री ओपी चौधरी का संबोधन रहा। उन्होंने लगभग 350 उद्यमियों को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ की औद्योगिक प्रगति, निवेश की संभावनाओं और प्रदेश के आर्थिक विकास में युवाओं की भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने उद्यमियों को नवा रायपुर के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने और राज्य की संभावनाओं को नए अवसरों में बदलने के लिए प्रोत्साहित किया।
18 कार्यक्षेत्रों में 424 कार्यक्रम, लाखों लोगों तक पहुंच
वर्ष 2026 में पंकज सोमानी के नेतृत्व में Yi रायपुर ने उल्लेखनीय गतिविधियां संचालित कीं। संगठन ने 18 अलग-अलग कार्यक्षेत्रों के अंतर्गत कुल 424 कार्यक्रम आयोजित किए। युवा सशक्तिकरण, उद्यमिता, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक विकास जैसे विषयों पर केंद्रित इन पहलों के माध्यम से लाखों लोगों तक पहुंच बनाई गई।
संगठन की इन गतिविधियों ने युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ने के साथ विभिन्न क्षेत्रों में सकारात्मक भागीदारी के अवसर उपलब्ध कराए। समारोह में इन पहलों और वर्षभर की उपलब्धियों को संगठन की सामूहिक प्रतिबद्धता का परिणाम बताया गया।
वार्षिक रिपोर्ट का विमोचन, 13 सदस्यों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान Yi ईस्टर्न रीजन चेयर आलोक अग्रवाल ने वार्षिक रिपोर्ट 2026 का विमोचन किया। इसमें वर्षभर के कार्यक्रमों, उपलब्धियों और सामाजिक पहलों का विवरण प्रस्तुत किया गया। संगठन के लिए उत्कृष्ट योगदान देने वाले 13 सदस्यों को विशेष पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही कार्यकारिणी सदस्यों और सहयोगियों के समर्पण एवं सहभागिता की सराहना की गई।

कवित पसारी को नई जिम्मेदारी, आदित्य अग्रवाल बने को-चेयर
समारोह में नेतृत्व परिवर्तन की औपचारिक प्रक्रिया भी पूरी हुई। पंकज सोमानी ने वर्ष 2026 का अपना कार्यकाल सफलतापूर्वक पूरा करते हुए वर्ष 2027 के लिए कवित पसारी को चेयर और आदित्य अग्रवाल को को-चेयर की जिम्मेदारी सौंपी। नई कार्यकारिणी की घोषणा के साथ आगामी वर्ष के लिए संगठन का विजन भी साझा किया गया।
समारोह में उपस्थित अतिथियों ने पंकज सोमानी और उनकी पूरी टीम के कार्यों की सराहना की तथा नए नेतृत्व को शुभकामनाएं दीं। उपलब्धियों के उत्सव और नई जिम्मेदारियों के संकल्प के साथ संपन्न यह वार्षिक समारोह Yi रायपुर की आगामी गतिविधियों के लिए नई शुरुआत का संदेश दे गया।
